कानपुर में दबंगों का आतंक: गोविंद नगर के चावला चौराहे पर गाड़ियों पर पथराव, इलाके में दहशत

कानपुर के गोविंद नगर स्थित चावला चौराहे पर दबंगों ने बीच सड़क गाड़ियों पर पथराव कर दहशत फैला दी। कई वाहनों के शीशे टूट गए। घटना थाने से कुछ दूरी पर हुई, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  कानपुर के गोविंद नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चावला चौराहे के पास कुछ दबंगों ने बीच सड़क पर जमकर उत्पात मचाया। बेखौफ बदमाशों ने सड़क से गुजर रही गाड़ियों पर पथराव कर दिया, जिससे कई वाहनों के शीशे टूट गए और इलाके में दहशत फैल गई। घटना खास तौर पर इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है क्योंकि यह पूरा घटनाक्रम थाने से कुछ ही दूरी पर हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि अचानक हुए पथराव से सड़क पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

बीच सड़क पर मचाया हंगामा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ युवक अचानक सड़क पर पहुंचे और गाड़ियों को निशाना बनाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते कई वाहनों पर पत्थर फेंके गए, जिससे कारों और अन्य गाड़ियों के शीशे टूट गए। घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों में डर का माहौल बन गया। स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों का कहना है कि इलाके में इस तरह खुलेआम गुंडागर्दी होना कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। लोगों का आरोप है कि अगर समय रहते पुलिस मौके पर पहुंचती तो नुकसान कम हो सकता था।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही गोविंद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। हालांकि अभी तक किसी के घायल होने की सूचना सामने नहीं आई है, लेकिन कई वाहनों को नुकसान पहुंचा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।

रिहायशी इलाके में बढ़ी चिंता

चावला चौराहा घनी आबादी वाला क्षेत्र माना जाता है। ऐसे में दिनदहाड़े हुई इस घटना ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि अगर इसी तरह दबंग खुलेआम सड़क पर हंगामा करते रहे तो आम नागरिकों की सुरक्षा पर बड़ा खतरा खड़ा हो सकता है। घटना के बाद इलाके में देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा और लोग पुलिस की कार्रवाई का इंतजार करते रहे।

रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा

यह भी पढ़ें: कानपुर में टेलर की दुकान में भीषण आग, बाटा चौराहे के पास मची अफरा-तफरी

Related Articles

Back to top button