मिर्ज़ापुर रजिस्ट्री ऑफिस में जेबकतरे का आतंक, CCTV में कैद हुई वारदात; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
मिर्ज़ापुर के रजिस्ट्री ऑफिस में रजिस्ट्री कराने पहुंचे व्यक्ति की जेब से 4,500 रुपये चोरी होने का मामला सामने आया। पूरी घटना CCTV में कैद हुई, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मिर्ज़ापुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित रजिस्ट्री ऑफिस में जेबकतरी की घटना सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। रजिस्ट्री कराने आए एक व्यक्ति की जेब से नकदी निकालने की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में चिंता का माहौल है।
रजिस्ट्री कराने पहुंचे थे, जेब से गायब हुए रुपये
जानकारी के अनुसार, जिगना थाना क्षेत्र के सिहौली गांव निवासी राजेंद्र दुबे मंगलवार को रजिस्ट्री कराने रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि दस्तावेज प्रस्तुत करने के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर एक व्यक्ति ने उनकी जेब से 4,500 रुपये निकाल लिए। कुछ देर बाद जब उन्होंने पैसे निकालने के लिए जेब देखी तो नकदी गायब थी।
CCTV फुटेज में कैद हुई पूरी घटना
घटना की जानकारी मिलने के बाद कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। फुटेज में कथित तौर पर एक व्यक्ति जेब से रुपये निकालते हुए दिखाई दे रहा है। वायरल वीडियो के बाद सरकारी कार्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
रजिस्ट्रार से की शिकायत, कार्रवाई की मांग
पीड़ित राजेंद्र दुबे ने मामले की शिकायत रजिस्ट्रार से की है। घटना के बाद कार्यालय आने वाले लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और ऐसे मामलों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
रिपोर्ट – संतोष देव गिरी, मिर्ज़ापुर
यह भी पढ़ें: डिलीवरी के लिए भर्ती महिला की मौत के बाद फूटा गुस्सा, मेडिकल कॉलेज अस्पताल में हंगामा



