राजेश वर्मा की हत्या की साजिश! घर तक पहुंच गया था हथियारबंद युवक, फिर हुआ एनकाउंटर

सीतापुर के तम्बौर में उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष राजेश वर्मा की कथित हत्या की साजिश पुलिस ने नाकाम कर दी। हिरासत से फरार आरोपी शादाब को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। उसके पास से तमंचा, कारतूस और चाकू बरामद हुए।

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क: सीतापुर जिले के तम्बौर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद राजेश वर्मा की कथित हत्या की साजिश को पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया। पुलिस ने आरोपित युवक को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से तमंचा, कारतूस और चाकू बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी को पहले ही हिरासत में ले लिया गया था, लेकिन वह पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। इसके बाद शुरू हुई तलाश के दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पूर्व सांसद के मकान के बाहर संदिग्ध हालत में मिला था आरोपी

जानकारी के अनुसार तम्बौर थाना क्षेत्र के मोहल्ला शेखन टोला निवासी शादाब पुत्र जाफर मंगलवार शाम पूर्व सांसद एवं वर्तमान में उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष राजेश वर्मा के मकान के सामने संदिग्ध परिस्थितियों में पहुंचा था। पुलिस को उसके पास से एक तमंचा, कारतूस और चाकू मिला। प्रारंभिक पूछताछ और जांच में यह बात सामने आई कि आरोपी पुरानी जमीनी रंजिश के चलते राजेश वर्मा को नुकसान पहुंचाने की नीयत से वहां पहुंचा था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

हिरासत से भागने के बाद शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन

गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस आरोपी को लेकर जा रही थी, उसी दौरान वह हिरासत से फरार हो गया। आरोपी के फरार होने की सूचना मिलते ही तम्बौर पुलिस ने इलाके में व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया। देर रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी ज्ञानेंद्र भट्टे के पास स्थित आम के बाग में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया।

पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल

पुलिस का दावा है कि खुद को चारों ओर से घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा इरादे से दो राउंड फायरिंग की। स्थिति को नियंत्रित करने और आत्मरक्षा के लिए पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में लग गई। घायल होने के बाद आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 312 बोर का एक तमंचा, दो फायर कारतूस, दो मिस कारतूस और एक चाकू बरामद किया है।

अस्पताल में चल रहा उपचार, जांच जारी

घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। फिलहाल उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, पुलिस की सतर्कता से टली बड़ी वारदात

यह घटना कई सवाल भी खड़े करती है, क्योंकि एक संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति के आवास तक हथियारों के साथ किसी व्यक्ति का पहुंच जाना सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से गंभीर विषय माना जा रहा है। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता के चलते संभावित बड़ी वारदात को टाल दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपी के इरादों, संपर्कों तथा घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों को भी खंगाला जा रहा है।

रिपोर्ट – वली चौधरी

यह भी पढ़ें: इंस्टाग्राम पर 4PM मिडिल ईस्ट के फॉलोअर्स का आंकड़ा एक लाख के पार

Related Articles

Back to top button