गोरखपुर में सड़क किनारे पड़ा रहा बुजुर्ग का शव, सीमा विवाद में दो घंटे उलझी रही पुलिस

गोरखपुर के कौड़ीराम बाईपास पर बुजुर्ग का शव मिलने के बाद गगहा और बांसगांव पुलिस सीमा विवाद में करीब दो घंटे उलझी रही। बाद में शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर के कौड़ीराम फोरलेन बाईपास पर गुरुवार को एक बुजुर्ग का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। हवेली होटल के पास सड़क किनारे शव मिलने की सूचना पर गगहा और बांसगांव थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन क्षेत्राधिकार को लेकर असमंजस के कारण करीब दो घंटे तक शव सड़क किनारे पड़ा रहा। बाद में सीमा स्पष्ट होने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की।

सीमा विवाद में उलझी रही पुलिस, देर से हुई कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, शव मिलने की सूचना पर दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में घटनास्थल की सीमा को लेकर भ्रम की स्थिति बनी रही। बाद में यह स्थान गगहा थाना क्षेत्र में पाया गया। इसके बाद पाण्डेयपार और सोहगौरा पुलिस चौकियों के बीच भी क्षेत्राधिकार स्पष्ट करने में समय लगा। अंततः सोहगौरा चौकी प्रभारी ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की।

सोशल मीडिया से हुई मृतक की पहचान

घटनास्थल पर मौजूद लोगों की भीड़ के बीच पुलिस कार्रवाई को लेकर चर्चा होती रही। इसी दौरान सोशल मीडिया के माध्यम से मृतक की पहचान बांसगांव थाना क्षेत्र के जयंतीपुर निवासी 70 वर्षीय संग्राम के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि वह बुधवार से घर से लापता थे। सूचना मिलने पर परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारण का खुलासा

गगहा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच जारी है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: मंच से फूटा राज्यपाल का गुस्सा, MMMUT की व्यवस्थाओं पर उठाए बड़े सवाल 

Related Articles

Back to top button