गोरखपुर में मंच पर जीवंत हुई अहिल्याबाई होल्कर की गौरवगाथा, तालियों से गूंज उठा सभागार
गोरखपुर के रैम्पस स्कूल में 'पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होल्कर' का भव्य मंचन हुआ। नाटक में लोकमाता अहिल्याबाई के संघर्ष, न्यायप्रियता और सांस्कृतिक योगदान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के प्रेरणादायी जीवन को मंच पर जीवंत कर देने वाला ऐतिहासिक नाटक “पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होल्कर” दर्शकों के लिए यादगार बन गया। वरदा आर्ट इंस्टीट्यूट, सूरजकुंड एवं रैम्पस स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में शाहपुर स्थित प्रेमचंद सभागार में आयोजित इस प्रस्तुति ने इतिहास, संस्कृति और नारी सशक्तिकरण का प्रभावशाली संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में पूरा सभागार तालियों और जयघोष से गूंज उठा।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ भव्य शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर मंगलेश श्रीवास्तव, व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य पुष्पदंत जैन और भारतेंदु नाट्य अकादमी के पूर्व अध्यक्ष रविशंकर खरे ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। संस्था के अध्यक्ष शैलेश जायसवाल, सुशील कुमार श्रीवास्तव एवं रचना धूलिया ने अतिथियों का स्वागत किया। आयोजन में बड़ी संख्या में कला प्रेमी और शहर के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मंच पर सजी अहिल्याबाई होल्कर के संघर्ष और सेवा की गाथा
संदीप लेले द्वारा लिखित और रीना जायसवाल के निर्देशन में प्रस्तुत नाटक में अहिल्याबाई होल्कर के बचपन से लेकर मालवा की शासिका बनने तक के संघर्ष, न्यायप्रियता, किसानों और विधवाओं के प्रति संवेदनशीलता तथा काशी विश्वनाथ मंदिर सहित कई धार्मिक स्थलों के पुनर्निर्माण में उनके योगदान को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया। कलाकारों के सशक्त अभिनय ने दर्शकों को पूरे समय बांधे रखा।
कलाकारों का सम्मान, तालियों से गूंजा सभागार
नाटक में शीतल साहनी, जिज्ञासा, चंद्र प्रकाश शर्मा, शिवा श्रीवास्तव सहित कई कलाकारों ने प्रभावशाली अभिनय किया। मंच संचालन रीता श्रीवास्तव ने किया, जबकि बैकस्टेज टीम ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समापन पर रविशंकर खरे ने कलाकारों और सहयोगियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। रैम्पस स्कूल की निदेशक विनीता श्रीवास्तव ने पूरी टीम को बधाई देते हुए सभी अतिथियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट -अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: डॉक्टर पति पर पत्नी के सनसनीखेज आरोप, न्यूड वीडियो से ब्लैकमेल और दूसरी शादी का दावा



