16 लाख के गहनों की चोरी का खुलासा, बुर्के में वारदात करने वाली महिला गिरफ्तार
राजघाट पुलिस ने एक फर्म से सोने के जेवरों का पैकेट चोरी करने के मामले का पर्दाफाश करते हुए महिला को गिरफ्तार किया है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: राजघाट पुलिस ने एक फर्म से सोने के जेवरों का पैकेट चोरी करने के मामले का पर्दाफाश करते हुए महिला को गिरफ्तार किया है।
आरोपित के कब्जे से 110.200 ग्राम पीली धातु के जेवर बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद जेवरों की अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने आरोपित की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान अफसरी उर्फ खोड़ी पुत्री बच्चन निवासी तुर्कमानपुर, थाना राजघाट के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक एक फर्म में सोने के जेवरों के स्टॉक का मिलान किया जा रहा था। इस दौरान 18 कैरेट के कुछ जेवर कम मिले। इसके बाद फर्म में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में छह सितंबर को बुर्का पहने एक महिला दुकान में पहुंचती दिखाई दी। मौका मिलते ही महिला ने जेवरों का एक पैकेट उठाया और वहां से निकल गई।
घटना की जानकारी होने के बाद 11 सितंबर को राजघाट थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपित महिला की पहचान की। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के कब्जे से चोरी के जेवर बरामद होने के बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पहले भी दर्ज हैं चोरी के मुकदमे
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अफसरी उर्फ खोड़ी के खिलाफ पहले से चोरी के मामले दर्ज हैं। उसके विरुद्ध लखनऊ के चौक और गोरखपुर के बांसगांव थाने में चोरी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। राजघाट का मामला मिलाकर अब उसके खिलाफ कुल तीन मुकदमे सामने आए हैं।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
चोरी के मामले के पर्दाफाश में बसंतपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दीनानाथ पाण्डेय और पाण्डेयहाता चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक योगेन्द्र पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्रवाई थानाध्यक्ष राजघाट गौरव कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष गौरव कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक दीनानाथ पाण्डेय, योगेन्द्र पाण्डेय, विकास यादव, रोहित कुमार, महिला उपनिरीक्षक संध्या पाल, कांस्टेबल राघवेन्द्र कन्नौजिया, राकेश यादव, सुनील यादव, अजीत यादव, महिला कांस्टेबल आकांक्षा श्रीवास्तव और शिवानी मौर्या शामिल रहीं।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर



