भीषण गर्मी में भी खराब नहीं होंगे ये टिफिन

  • सुबह बनाएं शाम तक रहेंगे फ्रेश

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
गर्मी का मौसम आते ही सबसे बड़ी परेशानी होती है टिफिन में रखें भोजन का लंबे समय तक ताज़ा रखना। दफ्तर, स्कूल या सफर के दौरान कई बार खाना कुछ घंटों में ही खराब होने लगता है, जिससे स्वाद भी बिगड़ता है और स्वास्थ्य पर भी असर पड़ सकता है। खासकर मई-जून की भीषण गर्मी में दही, क्रीम, ग्रेवी या ज्यादा मसालेदार चीजें जल्दी खराब हो जाती हैं। ऐसे में हर घर में यही सवाल रहता है कि आखिर टिफिन में क्या रखें जो स्वादिष्ट भी हो, हेल्दी भी और लंबे समय तक फ्रेश भी बना रहे। अगर आप भी रोज-रोज एक ही तरह का सूखा खाना पैक करके परेशान हो चुके हैं, तो अब चिंता छोड़ दीजिए। यहां आपको कुछ ऐसी टिफिन रेसिपीज़ बताई जा रही हैं, जो तेज गर्मी में भी जल्दी खराब नहीं होतीं। ये रेसिपीज बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आएंगी और इन्हें बनाना भी बेहद आसान है।

बेसन चीला रोल

बेसन से बनी चीजें गर्मी में अपेक्षाकृत ज्यादा सुरक्षित मानी जाती हैं। आप बेसन चीला बनाकर उसमें सूखी सब्जियां रोल की तरह भर सकते हैं। यह बच्चों के टिफिन के लिए भी परफेक्ट विकल्प है। बेसन में मौजूद प्रोटीन शरीर को ऊर्जा देता है और यह लंबे समय तक पेट भरा रखता है। इसे हरी चटनी की जगह सूखी लहसुन चटनी के साथ रखें।

इडली और सूखी नारियल चटनी

साउथ इंडियन फूड में इडली सबसे हल्का और सुरक्षित टिफिन माना जाता है। हालांकि नारियल की गीली चटनी जल्दी खराब हो सकती है, इसलिए सूखी नारियल चटनी का इस्तेमाल करें। इडली पेट के लिए हल्की होती है और गर्मी में पाचन भी बेहतर रखती है। बच्चों और दफ्तर जाने वालों दोनों के लिए यह शानदार विकल्प है।

मसाला पराठा और सूखी आलू भुजिया

भीषण गर्मी में सबसे सुरक्षित टिफिन विकल्प माना जाता है मसाला पराठा। इसमें कम नमी होती है, जिससे यह जल्दी खराब नहीं होता। आप आटे में अजवाइन, नमक, हल्दी और थोड़ा सा तेल डालकर पराठा बना सकते हैं। इसके साथ सूखी आलू भुजिया रखें, जिसमें प्याज और टमाटर कम इस्तेमाल करें। यह कॉम्बिनेशन 6-7 घंटे तक आसानी से फ्रेश रहता है।

वेज पुलाव और भुनी मूंगफली

अगर आप कुछ हल्का लेकिन पेट भरने वाला खाना चाहते हैं, तो वेज पुलाव बेस्ट रहेगा। इसमें ज्यादा ग्रेवी नहीं होती और यह लंबे समय तक खराब नहीं होता। पुलाव में बीन्स, गाजर और मटर जैसी सब्जियां डालें और साथ में भुनी हुई मूंगफली रखें। इससे स्वाद भी बढ़ेगा और प्रोटीन भी मिलेगा। ध्यान रखें कि पुलाव पूरी तरह ठंडा होने के बाद ही पैक करें।

सत्तू पराठा और आम का अचार

बिहार और यूपी में गर्मी के मौसम में सत्तू बेहद लोकप्रिय माना जाता है। सत्तू पराठा लंबे समय तक खराब नहीं होता और शरीर को ठंडक भी देता है। इसमें प्याज कम रखें और अचार के साथ सर्व करें। सत्तू में भरपूर फाइबर और प्रोटीन होता है, जिससे दिनभर एनर्जी बनी रहती है। सफर के दौरान भी यह सबसे भरोसेमंद टिफिन विकल्प खाना माना जाता है।

Related Articles

Back to top button