टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: राधा-बबीता मुंबई में कहां ठहरी थीं? पुलिस ने जुटाए CCTV फुटेज
मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले की जांच जारी है. इस दौरान लगातार नए-नए खुलासे हो रहा हैं.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले की जांच जारी है. इस दौरान लगातार नए-नए खुलासे हो रहा हैं. इस बीच एक अहम खुलासा सामने आया है.
इस मामले में हथियार मुंबई पहुंचाने की आरोपी महिलाएं जिनके नाम राधा और बबीता हैं वो दादर रेलवे स्टेशन के पास स्थित रॉयल रेस्ट हाउस में ठहरी थीं. मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने रेस्ट हाउस पहुंचकर जांच की है. पुलिस ने होटल के CCTV फुटेज, एंट्री रजिस्टर और आरोपियों द्वारा दिए गए आधार कार्ड से संबंधित रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिए हैं.
जांच से जुड़े विवरण के मुताबिक, राधा और बबीता 17 अक्टूबर को रॉयल रेस्ट हाउस पहुंची थीं. दोनों के लिए पहली मंजिल पर एक कमरा बुक कराया गया था, जिसका किराया करीब 600 रुपये प्रतिदिन बताया जा रहा है. कमरे के लिए आधार कार्ड जमा किया गया था और 500 रुपये एडवांस दिए गए थे.
स्थानीय व्यक्ति के मदद करने का शक
जांच एजेंसियों को संदेह है कि मुंबई के किसी स्थानीय व्यक्ति ने दोनों महिलाओं के पहुंचने से पहले उनके लिए कमरे की व्यवस्था की थी. हालांकि, कमरे की बुकिंग किसने कराई थी और इसमें किसकी भूमिका थी, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
बैग में पिस्टल और 20 जिंदा कारतूस
पुलिस जांच के अनुसार, राधा और बबीता सोनीपत से मुंबई हथियार लेकर आई थीं. इनमें तुर्की में बनी जिगाना पिस्टल और एक देसी पिस्टल शामिल होने की बात सामने आई है. दोनों महिलाओं ने कथित तौर पर हथियार और 20 जिंदा कारतूस एक नीले रंग के बैग में एक नाबालिग लड़के को सौंपे थे.
जांच का अहम सवाल यह है कि क्या दोनों महिलाओं को बैग में मौजूद हथियारों और कारतूसों की जानकारी थी या उन्हें किसी दूसरे काम के बहाने मुंबई लाया गया था. पुलिस के मुताबिक, इस सवाल का जवाब जांच और आरोपियों के बयानों के आधार पर तलाशा जा रहा है.
बबीता ने कथित तौर पर अपने बयान में कहा कि वह राधा के साथ मुंबई घूमने और मंदिरों में दर्शन करने आई थी. हालांकि इस मामले में मुंबई पुलिस की जांच जारी है और सभी आरोपियों के बयानों को अलग अलग रिकॉर्ड किया जा रहा है. इसके साथ ही इन्हें आमने सामने बिठाकर भी पूछताछ जारी है.
मंदिरों में दर्शन के बाद मुंबई से रवाना
जांच में सामने आई जानकारी के मुताबिक, रेस्ट हाउस में ठहरने के दौरान राधा और बबीता दोनों महिलाओं ने आसपास के मंदिरों में दर्शन किए. इनमें स्वामीनारायण मंदिर और सिद्धिविनायक मंदिर के दर्शन की जानकारी आई है.
इसके साथ ही मुंबई के मुंबा देवी मंदिर जाने की बात भी सामने आई है. इसके बाद दोनों महिलाओं के कुर्ला से हरिद्वार मेल एक्सप्रेस पकड़कर मुंबई से रवाना होने की जानकारी सामने आई है. पुलिस उनके आने-जाने के समय, यात्रा के विवरण और हथियार सौंपने के स्थान की कड़ियां जोड़ रही है.
20 से ज्यादा CCTV फुटेज की जांच
मुंबई क्राइम ब्रांच और एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने रॉयल रेस्ट हाउस तथा आसपास के इलाकों के 20 से ज्यादा CCTV कैमरों के फुटेज जुटाए हैं. पुलिस इन फुटेज की मदद से पूरे घटनाक्रम की समय-रेखा तैयार कर रही है.
जांच में यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दोनों महिलाएं रेस्ट हाउस से कब निकलीं, नाबालिग लड़के को बैग कहां सौंपा गया और पास के विवेकानंद लॉज के आसपास उनकी मुलाकात किससे हुई थी.पुलिस घटनास्थल से जुड़े तथ्यों की पुष्टि के लिए दोनों महिलाओं को रेस्ट हाउस ले जाकर क्राइम सीन रिक्रिएशन भी करेगी.
अब पुलिस की जांच का फोकस हथियारों की सप्लाई चेन, कथित स्थानीय मददगारों और राधा-बबीता की भूमिका पर है. सबसे बड़ा सवाल है कि क्या राधा और बबीता को पहले से पता था कि वे मुंबई में शूटर्स तक पिस्टल और कारतूस पहुंचाने जा रही हैं, या उनका इस्तेमाल किसी बड़ी साजिश में किया गया? इसका जवाब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा.
टाइगर श्रॉफ की BMW पर चली थीं गोलियां
18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग हुई थी. इस मामले में रेहान, फूल सिंह और ऋतिक को गिरफ्तार किया गया है. फायरिंग के दौरान टाइगर श्रॉफ सुरक्षित बच गए, जबकि उनके ड्राइवर फिरदौस और उमेश चौहान नाम के व्यक्ति को गोली लगने से घायल होने की जानकारी सामने आई थी.



