विश्वकप से पहले तिलक वर्मा की दमदार वापसी

- वार्म-अप मैच में भारत ए ने अमेरिका को 38 रन से हराया
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नवी मुंबई। टी20 विश्वकप 2026 की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। सोमवार को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम पर खेले गए वॉर्म-अप मैच में भारत ए ने अमेरिका को 38 रन से हरा दिया। इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय ए टीम ने नारायण जगदीशन के शतक और आयुष बदोनी के अर्धशतक की मदद से 20 ओवर में तीन विकेट पर 238 रन बनाए। जवाब में अमेरिका की टीम 19.4 ओवर में 10 विकेट पर 200 रन ही बना सकी। भारत के लिए रवि बिश्नोई ने तीन विकेट हासिल किए जबकि खलील अहमद और नमन धीर को एक-एक सफलता प्राप्त हुई।
तिलक वर्मा ने अपनी फिटनेस को लेकर टीम प्रबंधन की सभी चिंताओं को दूर कर दिया। मैदान पर उतरे तिलक न सिर्फ बल्लेबाजी में सहज नजर आए, बल्कि फील्डिंग और गेंदबाजी में भी पूरी तरह फिट दिखे। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 24 गेंदों पर 38 रन की पारी खेली। फील्डिंग में भी तिलक वर्मा ने अपनी चुस्ती का शानदार नमूना पेश किया। उन्होंने पीछे की ओर दौड़ते हुए एक बेहतरीन कैच लपका। इसके अलावा तिलक ने गेंदबाजी भी की और एक विकेट अपने नाम किया, साथ ही एक और कैच लेकर ऑलराउंड प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को पूरी तरह संतुष्ट कर दिया। वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमेरिका की टीम ने भी संघर्ष जरूर किया, लेकिन बड़े स्कोर के दबाव में अंतत: घूटने टेक दिये। संजय कृष्णमूर्ति अमेरिका की ओर से 18 गेंदों पर 41 रन बनाए। हालांकि उनकी पारी टीम को जीत के करीब नहीं ले जा सकी।
भारत से हारने के डर से कर रहा पाक बॉयकॉट का बहाना!
नई दिल्ली। सात फरवरी से शुरू हो रहे टी20 विश्व कप 2026 से पहले पाकिस्तान का ड्रामा चालू हो गया है। टूर्नामेंट के बहिष्कार की गीदड़भभकी से शुरू हुआ ड्रामा अब भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले मैच के बहिष्कार पर आकर रुक गया है। भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार कर पाकिस्तान अपने ही पैर पर कुल्हाड़ी मार रहा है। साथ ही 21वीं सदी में पाकिस्तान का आईसीसी टूर्नामेंट्स भी भारत के खिलाफ रिकॉर्ड यह बताता है कि पड़ोसी मुल्का का भारत से खेलने का डर जायज है। टीम इंडिया के खिलाफ लगातार हार ने उन्हें डरा दिया है और यही वजह है कि उसने बॉयकॉट का रास्ता अपनाया। अगर मैच ही नहीं होगा तो उनकी अपने मुल्क में थू-थू नहीं होगी। संजय मांजरेकर के हालिया वीडियो में मांजरेकर का साफ कहना है कि अब पाकिस्तान भारत के खिलाफ खेलने से कतरा रहा है, और इसकी वजह कोई राजनीति नहीं बल्कि खेल का डर है। उसे भारत से हर का डर सता रहा है।



