उन्नाव में दर्दनाक सड़क हादसा, खड़े ट्रक में पीछे से घुसा तेज रफ्तार ट्रक, ड्राइवर की मौत
उन्नाव के कानपुर-लखनऊ हाईवे पर खड़े ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार ट्रक घुस गया। हादसे में हमीरपुर निवासी ट्रक चालक रणधीर कुमार की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने हाइड्रा मशीन की मदद से शव बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उन्नाव के कानपुर-लखनऊ हाईवे पर गुरुवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी। गदनखेड़ा बाईपास फ्लाईओवर के पास खड़े एक ट्रक में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा सदर कोतवाली क्षेत्र में कशिश क्रॉउन होटल के सामने हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हाईवे पर खड़ा ट्रक सड़क किनारे मौजूद था, तभी पीछे से तेज गति में आ रहा दूसरा ट्रक सीधे उसमें जा घुसा। टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े।
हादसे में हमीरपुर निवासी चालक की मौत
पुलिस के अनुसार हादसे में मृत ट्रक चालक की पहचान हमीरपुर निवासी रणधीर कुमार के रूप में हुई है। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि ट्रक के केबिन के परखच्चे उड़ गए और चालक बुरी तरह उसमें फंस गया। घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया।
हाइड्रा मशीन की मदद से निकाला गया शव
हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हाइड्रा मशीन बुलवाई। काफी मशक्कत के बाद दोनों ट्रकों को अलग कराया गया और चालक के शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद घायल अवस्था में चालक को अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे के बाद क्षतिग्रस्त ट्रकों को हटाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई गई।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्राथमिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही मानी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कानपुर-लखनऊ हाईवे पर भारी वाहनों की तेज गति लगातार हादसों का कारण बन रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके। यह हादसा एक बार फिर हाईवे पर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर गया है।
रिपोर्ट – रंजन बाजपाई
यह भी पढ़ें: बदायूं में सपा विरोधी पोस्टरों से गरमाई राजनीति, अखिलेश यादव को निशाने पर लेने से बढ़ा विवाद



