एलपीजी की किल्लत से परेशान लोग सड़क पर उतरे, कानपुर-लखनऊ हाईवे जाम

उन्नाव जिले में एलपीजी सिलेंडर की लगातार बढ़ती किल्लत के कारण उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी देखने को मिली।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उन्नाव जिले में एलपीजी सिलेंडर की लगातार बढ़ती किल्लत के कारण उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी देखने को मिली। घंटों लाइन में लगने के बावजूद सिलेंडर न मिलने से गुस्साए लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

मामला अजगैन थाना क्षेत्र के नवाबगंज स्थित भैया जी गैस एजेंसी का है, जहां सुबह से ही बड़ी संख्या में उपभोक्ता सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़े थे। काफी देर इंतजार के बाद भी जब सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो सके, तो लोगों का आक्रोश फूट पड़ा।

नाराज उपभोक्ताओं ने कानपुर-लखनऊ हाईवे पर सिलेंडर रखकर जाम लगा दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।

प्रशासन ने जल्द ही समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है, वहीं उपभोक्ताओं ने नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।

रिपोर्ट- रंजन बाजपेई “निडर”,उन्नाव

Related Articles

Back to top button