पुलिस की गोली से घायल हुए दो लुटेरे, तमंचे और लूटे गए टॉप्स बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने के टॉप्स, अवैध तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बरेली जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र में महिलाओं से कुंडल लूटने की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महज 48 घंटे के भीतर पूरे गैंग का पर्दाफाश कर दिया।
पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात हुई मुठभेड़ में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दो बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने के टॉप्स, अवैध तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
महिलाओं से कुंडल लूटकर फरार हुए थे बदमाश
जानकारी के अनुसार 18 जून को चन्द्रपाल अपनी पत्नी और सलहज के साथ बाइक से मुड़िया नवी बख्श गांव से वापस लौट रहे थे। जब वे चुरेली नहर पुलिया के पास पहुंचे, तभी दो बाइकों पर सवार छह बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।
आरोप है कि बदमाशों ने महिलाओं के कानों से कुंडल और टॉप्स छीन लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार की शिकायत पर बहेड़ी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। वारदात की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य ने तत्काल खुलासे के निर्देश दिए। इसके लिए सर्विलांस टीम, एसओजी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।
सीसीटीवी फुटेज से मिली अहम सफलता
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। पुलिस को छह बदमाशों की गतिविधियों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर उनकी तलाश शुरू कर दी गई। लगातार निगरानी और खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस को आरोपियों की लोकेशन मिलने लगी और उन्हें पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर भागे आरोपी
पुलिस के अनुसार 20 और 21 जून की दरम्यानी रात पचपेड़ा चौराहे के पास वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार छह संदिग्ध युवक वहां पहुंचे। पुलिस को देखकर उन्होंने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उनका पीछा शुरू कर दिया। पीछा करते हुए पुलिस लभेदी गांव के पास पहुंची, जहां बदमाशों की बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई।
खेतों में भागे बदमाश, पुलिस पर की फायरिंग
बाइक गिरने के बाद चार बदमाश खेतों की ओर भाग निकले। पुलिस का आरोप है कि भागते समय बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान विकास और सौरभ नामक दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई। वहीं ललित और सचिन बाइक गिरने के कारण घायल हो गए। चारों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तारी के बाद घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
भारी मात्रा में हथियार और लूटा गया सामान बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने अवैध हथियारों और लूट के सामान की बरामदगी की है। बरामद सामान में शामिल हैं-2 तमंचे 315 बोर,1 तमंचा 12 बोर,जिंदा और खोखा कारतूस,महिलाओं से लूटे गए कानों के टॉप्स,वारदात में इस्तेमाल की गई 2 मोटरसाइकिलें,पुलिस का कहना है कि बरामद किए गए आभूषण उसी लूट की घटना से जुड़े हैं, जिसकी शिकायत 18 जून को दर्ज कराई गई थी।
नवाबगंज क्षेत्र के रहने वाले हैं आरोपी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार सभी आरोपी नवाबगंज थाना क्षेत्र के पड़री गांव के निवासी हैं। पुलिस इनके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि यह गिरोह पहले भी लूट और छिनैती जैसी घटनाओं में शामिल रहा हो सकता है। इस संबंध में अन्य जिलों और थानों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
दो फरार बदमाशों की तलाश जारी
मुठभेड़ के दौरान दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसएसपी बोले- अपराधियों के खिलाफ जारी रहेगी सख्त कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि बहेड़ी क्षेत्र में महिलाओं से कुंडल लूटने वाले गिरोह का सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया गया है। पुलिस टीमों ने 48 घंटे के भीतर घटना का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश घायल हुए हैं, जबकि दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी पुलिस की कार्रवाई
घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र के लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि महिलाओं के साथ लगातार हो रही छिनैती और लूट की घटनाओं के बाद इस कार्रवाई से अपराधियों में डर पैदा होगा। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गिरोह ने इससे पहले कितनी अन्य घटनाओं को अंजाम दिया था।
रिपोर्ट:- सुनील सक्सेना, बरेली



