मिर्जापुर में अनियंत्रित ट्रक घर में घुसी, सो रहे 3 लोगों की मौत; दो गंभीर घायल

मिर्जापुर के अहरौरा क्षेत्र में अनियंत्रित ट्रक घर में घुस गई, जिससे बाहर सो रहे तीन लोगों की मौत हो गई और दो गंभीर घायल हो गए। हादसे के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क : उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे गांव को गम में डुबो दिया। अहरौरा थाना क्षेत्र के कुदारन चौराहे के पास वाराणसी-शक्तिनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे बने मकान में घुस गई। हादसे के समय घर के बाहर सो रहे लोगों पर ट्रक चढ़ गई, जिससे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

टायर फटने और चालक को नींद आने की बात सामने आई

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में ट्रक का टायर फटने के बाद वाहन अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। वहीं पुलिस का यह भी कहना है कि चालक को नींद आने के कारण ट्रक सड़क से उतरकर घर में जा घुसी। पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

दो घायलों को ट्रॉमा सेंटर किया गया रेफर

हादसे में घायल सुहानी (12) और सुनील शर्मा (45) को पहले चुनार स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

ग्रामीणों ने लगाया जाम, पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि पुलिस ने बिना परिजनों को सूचना दिए शवों को हटाने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और आसपास के थानों की फोर्स मौके पर पहुंची तथा लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट – संतोष देव गिरी, मिर्ज़ापुर

Related Articles

Back to top button