उन्नाव में रिश्तों का कत्ल! घर के बंटवारे के विवाद में बेटे की तलवार से हत्या

उन्नाव के गंजमुरादाबाद में घर के बंटवारे के विवाद में दिलशाद की हत्या का मामला सामने आया है। पिता और भाइयों पर आरोप है, पुलिस ने दो बेटों को हिरासत में लिया है।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः  उन्नाव के गंजमुरादाबाद में घर के बंटवारे को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि पिता ने अपने तीन बेटों के साथ मिलकर तीसरे नंबर के बेटे दिलशाद की तलवार से हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और दो बेटों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पत्नी से विवाद के बाद बढ़ा मामला

बताया जा रहा है कि मृतक दिलशाद का अपनी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों से विवाद हुआ था। मामला पहले पुलिस चौकी तक पहुंचा था। आरोप है कि चौकी पर मृतक की पत्नी को वापस भेज दिया गया। इसके बाद विवाद और बढ़ गया। परिवार में घर के बंटवारे को लेकर भी काफी समय से तनातनी चल रही थी।

पिता और भाइयों पर हत्या का आरोप

आरोप है कि विवाद के दौरान पिता और उसके तीन बेटों ने मिलकर दिलशाद पर तलवार से हमला कर दिया। हमले में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। हालांकि हत्या की पूरी परिस्थितियां और इसमें किसकी क्या भूमिका रही, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

दो बेटे हिरासत में, जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने दो बेटों को हिरासत में लिया है। अब पुलिस पारिवारिक विवाद, पत्नी से हुए विवाद और हत्या के घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। घटना बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के गंजमुरादाबाद की बताई जा रही है। आगे की कार्रवाई जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

रिपोर्ट – रंजन बाजपाई, उन्नाव

यह भी पढ़ें: अखिलेश की हिरासत पर सहसवान में सपा का हल्लाबोल, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

Related Articles

Back to top button