यूपी पुलिस के सिपाही पर पत्नी के गंभीर आरोप, दूसरी शादी को लेकर FIR

पत्नी का आरोप है कि पति ने दूसरी महिला से शादी कर ली है और अब उसके साथ गोरखपुर में रहकर मौज-मस्ती कर रहे हैं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में तैनात यूपी पुलिस के एक सिपाही पर पत्नी के जीवित रहते बिना तलाक दूसरी शादी करने का आरोप लगा है। पत्नी का आरोप है कि पति ने दूसरी महिला से शादी कर ली है और अब उसके साथ गोरखपुर में रहकर मौज-मस्ती कर रहे हैं।

इधर, पत्नी और दो बच्चों की आर्थिक स्थिति खराब है। फीस जमा न होने के कारण दोनों बच्चों की पढ़ाई छूट गई है। मामले में एसएसपी के निर्देश पर महिला थाने में सिपाही के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गाजीपुर के करीमुद्दीनपुर क्षेत्र के मिश्रपुरा निवासी 35 वर्षीय बिंदू यादव ने एसएसपी गोरखपुर से शिकायत की थी। महिला के मुताबिक उसकी शादी वर्ष 2010 में मिश्रपुरा निवासी सुनील कुमार यादव से हुई थी। सुनील कुमार वर्ष 2005-06 बैच के आरक्षी हैं और वर्तमान में गोरखपुर के बेलीपार क्षेत्र में डायल 112 में तैनात हैं।

कई साल से दूसरी महिला के फोन आने का आरोप

बिंदू का आरोप है कि पिछले कई वर्षों से उसके मोबाइल पर एक महिला फोन करती है। वह महिला कथित तौर पर कहती है कि सुनील ने उससे शादी कर ली है और दोनों गोरखपुर में साथ रह रहे हैं। पत्नी के मुताबिक, जानकारी करने पर पता चला कि उक्त महिला का किन्नरों के साथ भी उठना-बैठना है।

महिला का आरोप है कि पति की दूसरी शादी के बाद से उनका परिवार के प्रति व्यवहार बदल गया। वह घर खर्च के लिए रुपये नहीं देते हैं और कुछ मांगने पर मारपीट व अभद्रता करते हैं। पति ने घर आना भी बंद कर दिया है और फोन करने पर बात नहीं करते।

फीस जमा न होने से बच्चों की पढ़ाई छूटी

बिंदू ने शिकायत में कहा है कि पति की ओर से आर्थिक मदद नहीं मिलने के कारण परिवार की स्थिति बेहद खराब हो गई है। दोनों बच्चों की स्कूल फीस तक जमा नहीं हो सकी, जिससे उनकी पढ़ाई छूट गई। खाने-पीने तक के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है।

महिला ने पुलिस से मांग की है कि मामले में कार्रवाई करते हुए पति को पत्नी और बच्चों की जिम्मेदारी उठाने के लिए निर्देशित किया जाए। उसका कहना है कि वह अपने बच्चों के साथ कहां जाए, यह समझ नहीं पा रही है।

जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

महिला थाना प्रभारी सुनीता सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर सिपाही सुनील कुमार यादव के खिलाफ पत्नी के जीवित रहते बिना तलाक दूसरी शादी करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मुकदमे में अन्य संबंधित धाराएं भी लगाई गई हैं। मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

Related Articles

Back to top button