नेेता प्रतिपक्ष को हिरासत में लेने को लेकर बवाल

- कांग्रेस ने इसे बताया गैरकानूनी, केंद्र सरकार पर साधा निशाना
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
हैदराबाद। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने मंगलवार को निर्वाचन आयोग के कार्यालय की ओर मार्च और दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाद्रा और अन्य विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिए जाने की निंदा करते हुए इसे ‘गैरकानूनी’ और एक ‘नाकाम’ सरकार के अहंकार का परिचायक बताया है।
रेड्डी ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार भारत, उसके संविधान और लोगों के मतदान के अधिकारों की रक्षा के लिए राहुल गांधी के नेतृत्व में जारी संघर्ष से डरी हुई है। उन्होंने मौजूदा कार्रवाई की तुलना ब्रिटिश सरकार द्वारा लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक, महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल और सुभाष चंद्र बोस जैसे स्वतंत्रता सेनानियों को मामूली आधार पर गिरफ्तार किए जाने से की।
‘ब्रिटिश जनता पार्टी’ हमें रोक नहीं पाएगी : रेड्डी
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा, लेकिन अब जब लाखों नागरिक, खासकर युवा, मतदान के अधिकारों, लोकतंत्र और देश के भविष्य की रक्षा के इस संघर्ष का हिस्सा बन चुके हैं तो ऐसी कार्रवाइयां विपक्ष को रोक नहीं पाएंगी बल्कि अनजाने में हमें और मजबूत ही करेंगी।’’ रेड्डी ने कहा, ‘ब्रिटिश जनता पार्टी’ यह समझ ले कि देश के लिए सब कुछ दांव पर लगाने के हमारे संकल्प और दृढ़ निश्चय में कोई कमी नहीं आएगी। भारत अपनी पूरी क्षमता के साथ तब तक संघर्ष करता रहेगा, जब तक राहुल गांधी के नेतृत्व वाली लोकतांत्रिक ताकतों की जीत नहीं हो जाती।’’ राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा उन करीब 250 लोगों में शामिल हैं जिन्हें दिल्ली पुलिस ने आकाशवाणी भवन परिसर में आठ घंटे से अधिक समय तक धरना देने के बाद मंगलवार रात हिरासत में लिया था। इससे पहले उन्हें दिल्ली में निर्वाचन आयोग के कार्यालय की ओर मार्च करने से रोक दिया गया था।
सरकार का रवैया शर्मनाक, दूर होकर भी दिल दिल्ली में है: थरूर
थरूर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से हाथापाई करने और उन्हें हिरासत में ले जाने की तस्वीरें देखकर मैं बहुत परेशान हूं। उन्होंने कहा, चार महीने पहले बर्लिन में एक सम्मेलन में जाने की प्रतिबद्धता के कारण मैं केवल दूर से अपनी एकजुटता व्यक्त कर सकता हूं। लेकिन मेरा दिल नयी दिल्ली में है। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि राहुल गांधी से हाथापाई करने और उन्हें हिरासत में लिए जाने की तस्वीरें देखकर वह बहुत परेशान हैं। उन्होंने कहा कि 13 करोड़ मतदाताओं को उनके मताधिकार से वंचित किए जाने के विरोध में हुए प्रदर्शन पर सरकार की प्रतिक्रिया शर्मनाक है। थरूर ‘इंडिया’ गठबंधन के सांसदों के साथ संसद भवन परिसर से यहां निर्वाचन आयोग के कार्यालय तक निकाले गए मार्च में शामिल नहीं हो सके, क्योंकि वह जर्मनी के बर्लिन में थे। उन्होंने भरोसा जताया कि न्याय जरूर मिलेगा। थरूर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से हाथापाई करने और उन्हें हिरासत में ले जाने की तस्वीरें देखकर मैं बहुत परेशान हूं। उन्होंने कहा, चार महीने पहले बर्लिन में एक सम्मेलन में जाने की प्रतिबद्धता के कारण मैं केवल दूर से अपनी एकजुटता व्यक्त कर सकता हूं। लेकिन मेरा दिल नयी दिल्ली में है।



