13 जुलाई को अवध एक्सप्रेसवे पर दौड़ेंगे वाहन, उद्घाटन की तैयारियां अंतिम चरण में
13 जुलाई को कानपुर-लखनऊ अवध एक्सप्रेसवे के उद्घाटन से पहले उन्नाव प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। डीएम और एसएसपी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा, ट्रैफिक, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कानपुर और लखनऊ के बीच यात्रा को और तेज व सुगम बनाने वाले कानपुर-लखनऊ अवध एक्सप्रेसवे के उद्घाटन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 13 जुलाई को प्रस्तावित उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर उन्नाव जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में जिलाधिकारी घनश्याम मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बैरिकेडिंग, प्रवेश और निकास मार्ग, वीआईपी मूवमेंट, पुलिस बल की तैनाती और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके अलावा पार्किंग, ट्रैफिक डायवर्जन और यातायात प्रबंधन की भी विस्तृत समीक्षा की गई, ताकि उद्घाटन समारोह के दौरान आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सभी विभागों को समय पर तैयारियां पूरी करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, विद्युत आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधा और एंबुलेंस की उपलब्धता का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी व्यवस्थाएं पूरी करने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होने देने के निर्देश दिए।
प्रशासन का कहना है कि उद्घाटन कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां युद्धस्तर पर की जा रही हैं।
रिपोर्ट – रंजन बाजपाई, उन्नाव
यह भी पढ़ें: पालीवाल डायग्नोस्टिक को KDA का अभयदान..! बेसमेंट में धड़ल्ले से चल रही लैब, क्यों नहीं हुई सील…?



