प्रयागराज में मतदान संपन्न, सुरक्षा घेरे में स्ट्रांग रूम जाएंगे बैलट बॉक्स
मतदान समाप्त होने के बाद अब बैलट बॉक्सों को सुरक्षित स्ट्रांग रूम तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक एमएलसी चुनाव के तहत प्रयागराज में मतदान खत्म हो गया है। मतदान समाप्त होने के बाद अब बैलट बॉक्सों को सुरक्षित स्ट्रांग रूम तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही है।
इसके लिए प्रशासन की ओर से जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को भी सख्त कर दिया गया है, ताकि बैलट बॉक्सों को सुरक्षित तरीके से निर्धारित स्थान तक पहुंचाया जा सके।
मतदान खत्म होने के बाद अब प्रशासन का ध्यान बैलट बॉक्सों को सुरक्षित रखने और आगे की प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से पूरा कराने पर है। मतदान केंद्रों पर तैनात कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों की निगरानी में बैलट बॉक्सों को स्ट्रांग रूम तक ले जाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी से जारी आंकड़ों के अनुसार, सुबह आठ बजे मतदान शुरू होने के बाद शुरुआती दो घंटों में सुबह 10:00 बजे तक महज 2.85 प्रतिशत लोगों ने ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। दोपहर 12:00 बजे तक यह आंकड़ा 9.54 प्रतिशत और दोपहर 2:00 बजे तक बढ़कर 19.86 प्रतिशत तक ही पहुंच पाया।
इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव के लिए सुबह 8:00 बजे से मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हुई। सपा प्रत्याशी डॉ मानसिंह यादव ने अपनी पत्नि डॉ प्रभा यादव के साथ मतदान किया।
वोट देने के बाद उन्होंने कहा कि भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं है। यह चुनाव मुद्दों के आधार पर लड़ा जा रहा है। भाजपा वाले पुलिस प्रशासन और लालच से चुनाव को जीतने का भरसक प्रयास कर रही है। लेकिन इस चुनाव का मतदाता जागरूक है।
वहीं भाजपा प्रत्याशी अशोक सिंह राठौड़ ने कहा कि जीत 100 प्रतिशत सुनिश्चित है। माहौल पूरी तरह हमारे पक्ष में है। हम केवल एक सीट नहीं, उन सभी 11 सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे। जो लोग हमेशा ईवीएम पर हार का ठीकरा फोड़ते हैं और आरोप लगाते हैं, वे यह जान लें कि बैलेट पेपर के चुनाव में भी हम ही आगे हैं और रहेंगे।
वोटिंग के दौरान सपा नेताओं और सेक्टर मजिस्ट्रेट के बीच हंगामा भी हुआ। सपा प्रत्याशी डॉ. मान सिंह यादव समेत अन्य नेताओं ने आरोप लगाया कि सेक्टर मजिस्ट्रेट बीजेपी की पर्ची लेकर घूम रहे हैं।
डॉ. मान सिंह ने सेक्टर मजिस्ट्रेट के हाथों में थमे कागज को छीन लिया और उसे अन्य अफसरों को दिखाते हुए बोले ये बीजेपी की पर्ची लेकर घूम रहे हैं। हालांकि अन्य अफसरों ने सपा नेताओं को समझा कर मामला शांत कराया।
वहीं सपा के पूर्व विधायक सत्यवीर मुन्ना ने हरवारा पोलिंग बूथ पर हंगामा करते हुए पुलिस अधिकारियों को बताया कि मतदान केंद्र से 50 मीटर की दूरी पर भाजपा का शिविर लगा है और मतदाताओं का प्रभावित कर रहे हैं।
दिन भर चली वोटिंग के बीच सपा और भाजपा प्रत्याशी के अलावा 11 निर्दलीय प्रत्याशियों के शिविर में सन्नाटा पसरा रहा। सभी मतदान केंद्र पर भाजपा और सपा के समर्थकों की भीड़ दिखी। वह पार्टी के शिविर पर पर्ची बनाते भी दिखे लेकिन अन्य प्रत्याशियों के शिविर में बहुत कम लोग दिखे।
कई प्रत्याशियों में तो पोलिंग बूथ के आसपास अपना शिविर भी नहीं लगाया। प्रयागराज के हरवारा में निर्दलीय प्रत्याशी शिव शंकर पटेल का शिविर लगा था वहां पर उनके तीन समर्थक दिनभर मौजूद लेकिन कोई पर्ची बनवाने वाला नहीं दिखा। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह मुकाबले में काफी दूर हैं।
इस चुनाव की सबसे बड़ी खासियत यह है कि बुंदेलखंड और प्रयागराज मंडल के कुल 10 जिलों के 2.64 लाख मतदाता मिलकर एक एमएलसी चुन रहे हैं। इनमें सबसे अधिक 1,15,019 मतदाता अकेले प्रयागराज में हैं। इसमें 79,823 पुरुष और 35,196 महिला मतदाता हैं। इसके चलते प्रयागराज के वोटर इस पूरे चुनाव में सबसे बड़ी और निर्णायक भूमिका निभा रहे हैं।
54 मतदान केंद्रों पर 152 पोलिंग बूथ
प्रयागराज में 54 मतदान केंद्रों पर 152 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। मतदान कराने के लिए लगभग 900 मतदान कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
सुरक्षा को पुख्ता रखने के लिए जिले में कुल 1,709 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, जिसमें 12 एसीपी, 40 इंस्पेक्टर, 100 से अधिक दरोगा के साथ-साथ पीएसी के जवान शामिल हैं। इसके अलावा पल-पल की निगरानी के लिए 12 जोनल मजिस्ट्रेट, 50 सेक्टर मजिस्ट्रेट और हर बूथ पर माइक्रो ऑब्जर्वर मुस्तैद हैं। प्रयागराज मंडल के कुल 10 जिलों के 2.64 लाख मतदाता मिलकर एक एमएलसी चुन रहे हैं।
बैलेट पेपर से वोटिंग, शराबबंदी और अवकाश
एमएलसी चुनाव में ईवीएम के बजाय पारंपरिक बैलेट पेपर से मतदान हो रहा है। मतदाताओं को प्रशासन द्वारा दिए गए विशेष पेन से उम्मीदवारों के नाम के आगे अपनी प्राथमिकता (1, 2, 3…) दर्ज करनी होगी। चुनाव को देखते हुए आज जिले के सभी स्कूलों व संबंधित संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है।
वहीं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए शराब की सभी दुकानें पूरी तरह बंद रखी गई हैं।
13 प्रत्याशी मैदान में
इस चुनाव में कुल 13 प्रत्याशी मैदान में है। इसमें सपा से डॉ. मान सिंह यादव और भाजपा के अशोक कुमार राठौर हैं। अन्य सभी निर्दलीय प्रत्याशी हैं। इसमें केशवकांत शर्मा, दीपक कुमार द्विवेदी, देवेश कुमार सिंह, मान सिंह यादव, रमेश चंद्र दुबे, राज कुमार, राहुल कनकने, विष्णु कुमार, शिवशंकर पटेल, शैलेंद्र कुमार और सारिका हैं।
शाम को मतदान होने के बाद सभी पोलिंग पार्टियां मतपेटी (बैलेट बॉक्स) को सील कर मैरी लूकस स्कूल एंड कॉलेज पहुंचाई जाएंगी। यहां सभी बूथों के बैलेट बॉक्स संकलित किए जाएंगे, और फिर भारी सुरक्षा बल की मौजूदगी में इन मतपेटियों को मतगणना के लिए झांसी भेजा जाएगा, जहां 27 अक्टूबर को वोटों की गिनती की जाएगी।



