“सपा में शामिल हुई तो शुरू हो गई प्रताड़ना?” महिला अधिवक्ता ने SSP से लगाई गुहार
बरेली की महिला अधिवक्ता और सपा महानगर सचिव मनीषा सक्सेना ने पार्टी में शामिल होने के बाद प्रताड़ना, धमकी और पुलिस कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए एसएसपी से निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग की है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क : बरेली में एक महिला अधिवक्ता द्वारा लगाए गए आरोपों ने स्थानीय राजनीति और कानून-व्यवस्था को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है। समाजवादी पार्टी की महानगर सचिव और अधिवक्ता मनीषा सक्सेना ने आरोप लगाया है कि पार्टी की सदस्यता लेने के बाद उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से शिकायत की है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर जांच का आश्वासन दिया है।
‘सपा में शामिल होने के बाद बढ़ी परेशानी’
मनीषा सक्सेना का आरोप है कि समाजवादी पार्टी में शामिल होने और महानगर सचिव की जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्हें और उनके समर्थकों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने अपने पड़ोसी सुमित सक्सेना पर घर के बाहर आकर गाली-गलौज करने, धमकाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उनके अनुसार आरोपी अक्सर शराब के नशे में घर के बाहर हंगामा करता है, जिससे परिवार में भय का माहौल बना हुआ है।
पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
महिला अधिवक्ता का कहना है कि उन्होंने किला थाने और महिला हेल्पलाइन पर कई बार शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी के परिजन के होमगार्ड में होने के कारण उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया गया। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
SSP से निष्पक्ष जांच और CCTV फुटेज खंगालने की मांग
मनीषा ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में मांग की है कि मामले की जांच किला थाने के बजाय किसी अन्य थाने से कराई जाए। साथ ही उन्होंने घर के पास स्थित शिव शक्ति मंदिर के 1 जुलाई से 14 जुलाई के बीच रात 10 बजे से 2 बजे तक के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की भी मांग की है। एसएसपी ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच कराने की बात कही है।
रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली
यह भी पढ़ें: तेज धमाके से कांप उठा पूरा इलाका! घर पर गिरी आकाशीय बिजली, बड़ा नुकसान



