कौन बना AI Hackathon का विजेता? MMMUT में छात्रों ने असली समस्याओं के खोजे तकनीकी हल
एमएमएमयूटी गोरखपुर में TCS Technology Day में 240 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। AI Hackathon में 90 से ज्यादा टीमों ने तकनीकी समाधान पेश किए और पांच टीमों को सम्मान मिला।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः गोरखपुर के मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी) में तकनीक और नवाचार का माहौल देखने को मिला। टीसीएस अकादमिक अलायंसेज ग्रुप की ओर से आयोजित TCS Technology Day में 240 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के AI Hackathon में 90 से ज्यादा टीमों ने वास्तविक समस्याओं के तकनीकी समाधान पेश किए।
Agentic AI से लेकर करियर तक, छात्रों को मिली नई सीख
प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट सेल के तहत आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए नेतृत्व संवाद, Agentic AI पर तकनीकी व्याख्यान और आधुनिक तकनीकों से जुड़े व्यावहारिक प्रशिक्षण सत्र हुए। टीसीएस विशेषज्ञों ने उभरती तकनीकों, इंडस्ट्री की बदलती जरूरतों और टेक्नोलॉजी क्षेत्र में करियर के अवसरों पर विद्यार्थियों से संवाद किया।
मुख्य अतिथि टीसीएस के क्लाइंट पार्टनर और एमएमएमयूटी के पूर्व छात्र प्रशांत सिन्हा रहे। एआई आर्किटेक्ट मनीष राजपूत, नवीन वर्मा और टीसीएस के क्षेत्रीय अकादमिक अलायंसेज प्रमुख संदीप जोशी भी मौजूद रहे।
‘मिनी एक्स’ ने जीता AI Hackathon
हैकाथॉन में ‘मिनी एक्स’ टीम ने ‘स्लेट से सिलिकॉन’ विषय पर समाधान प्रस्तुत कर पहला स्थान हासिल किया। टीम में रुद्र नारायण पांडेय, तनय अग्रवाल और नितिन कुमार मिश्रा शामिल रहे।
दूसरे स्थान पर ‘ड्युअल कोर’ टीम रही, जिसने ‘भाषाक्लास सामग्री स्टूडियो’ पर काम प्रस्तुत किया। तीसरे स्थान पर ‘टेकफैनाटिक्स’ टीम ने ‘खराब मौसम के बाद फसल क्षति का आकलन’ विषय पर समाधान पेश किया।
पांच टीमों को मिला सम्मान
हैकाथॉन में बेहतर प्रदर्शन करने वाली पांच टीमों को टीसीएस की ओर से सम्मानित किया गया। प्रतिभागियों को टी-शर्ट, प्रमाणपत्र और पदक दिए गए।
आयोजन में प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट सेल के समन्वयक प्रो. वीके द्विवेदी, डॉ. आशीष श्रीवास्तव और डॉ. एसपी मौर्य समेत विश्वविद्यालय के शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: एक ही छत के नीचे 50 शानदार कलाकृतियां, गोरखपुर में ‘ललितार्चन’ प्रदर्शनी शुरू



