मतगणना पर कड़ी निगरानी रखें कार्यकर्ता

- सीएम स्टालिन ने डीएमके नेताओं को किया हाई अलर्ट
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
चेन्न्ई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने कोडाइकनाल से चार दिन की छुट्टी से लौटने के बाद, अगले दिन पार्टी मुख्यालय में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के वरिष्ठ नेताओं के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की तथा 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में जीत की संभावनाओं का आकलन किया। यह बैठक विभिन्न मीडिया संस्थानों द्वारा चुनाव के बाद जारी सर्वेक्षणों ‘एग्जिट पोल’ में द्रमुक के फिर से सत्ता में आने के संकेतो के बाद बुलायी गई।
बैठक में द्रमुक महासचिव दुरई मुरुगन, मंत्री एम. आर. के. पनीरसेल्वम और ई. वी. वेलु सहित अन्य नेता शामिल हुए। द्रमुक सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान स्टालिन का ध्यान चार मई को होने वाले तमिलनाडु विधानसभा चुनाव की मतगणना को लेकर रणनीति को अंतिम रूप देने और मतगणना प्रक्रिया के दौरान मौजूद रहने वाले पार्टी के बूथ एजेंटों को निर्देश देने पर केंद्रित रहा। उन्होंने मतगणना प्रक्रिया के दौरान सतर्कता बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 23 अप्रैल को हुए थे और मतों की गिनती चार मई को सुबह आठ बजे से शुरू होगी।
विजय का निर्देश- रिजल्ट आने तक एक इंच भी न हिलें, मतगणना केंद्र पर पहुंचें
टीवीके उम्मीदवार एन मैरी विल्सन ने बताया कि पार्टी प्रमुख विजय ने एक बैठक में उम्मीदवारों को मतगणना केंद्रों पर जल्दी पहुंचने और वहीं डटे रहने का निर्देश दिया.मीडिया से बात करते हुए आर के नगर की उम्मीदवार ने कहा कि विजय ने उन्हें सुबह 6 बजे तक मतगणना केंद्रों पर मौजूद रहने, आगे खड़े रहने, कार्यवाही पर कड़ी नजर रखने और एक इंच भी न हिलने का निर्देश दिया है।



