बांदा में हर्षोल्लास से मनाया गया योग दिवस, सामूहिक योगाभ्यास में उमड़ा जनसैलाब

बांदा में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जनपद बांदा में उत्साह और उमंग के साथ विभिन्न स्थानों पर सामूहिक योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बांदा में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जनपद बांदा में उत्साह और उमंग के साथ विभिन्न स्थानों पर सामूहिक योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

सुबह से ही जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में योग को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। सरकारी संस्थानों, शिक्षण संस्थानों और पुलिस विभाग सहित कई स्थानों पर आयोजित योग शिविरों में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर स्वस्थ और संतुलित जीवन का संदेश दिया।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम का आयोजन सेंट मेरीज कॉलेज परिसर में किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने पहुंचकर योगाभ्यास किया और लोगों को नियमित रूप से योग अपनाने का संदेश दिया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, छात्र-छात्राओं, महिलाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में योग प्रशिक्षकों और योगाचार्यों ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने की एक प्रभावी पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के साथ-साथ मानसिक तनाव से भी मुक्त रह सकता है।

पुलिस लाइन में भी आयोजित हुआ भव्य योग शिविर

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन बांदा में भी वृहद योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी लाइन सुक्षी मेविस टॉक सहित जनपद के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।

योगाचार्यों की देखरेख में पुलिस कर्मियों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम किए। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पुलिस विभाग में कार्य का दबाव अधिक रहता है, ऐसे में योग तनाव कम करने और शारीरिक एवं मानसिक क्षमता को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी पुलिस कर्मियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।

सभी थाना परिसरों में भी हुआ योगाभ्यास

योग दिवस के अवसर पर जनपद के सभी थाना परिसरों में भी विशेष योग शिविर आयोजित किए गए। थाना प्रभारियों और पुलिस कर्मियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रमों के दौरान अधिकारियों ने कहा कि नियमित योग करने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और व्यक्ति मानसिक रूप से अधिक मजबूत बनता है। उन्होंने पुलिस कर्मियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

जिलेभर में दिखा योग को लेकर उत्साह

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर पूरे बांदा जनपद में योग को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही पार्कों, विद्यालयों, सरकारी कार्यालयों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लोगों ने एकत्र होकर योग किया।

कार्यक्रमों में शामिल लोगों ने योग को अपनी जीवनशैली में शामिल करने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने कहा कि योग स्वस्थ समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभाता है और इसे हर व्यक्ति को अपनी दिनचर्या में अपनाना चाहिए। इस अवसर पर जिलेभर में आयोजित कार्यक्रमों ने लोगों को स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश दिया। बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता से 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बांदा में सफल और यादगार बना।

रिपोर्ट :-इकबाल खान, बांदा

Related Articles

Back to top button