प्रेम विवाह के एक महीने बाद युवक की संदिग्ध मौत, फंदे से लटका मिला शव

उत्तर प्रदेश के बरेली में सीबीगंज थाना क्षेत्र के नवदिया गांव में प्रेम विवाह के करीब एक महीने बाद 26 वर्षीय फैजान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के बरेली में सीबीगंज थाना क्षेत्र के नवदिया गांव में प्रेम विवाह के करीब एक महीने बाद 26 वर्षीय फैजान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

रविवार सुबह उसका शव घर के कमरे में पंखे से फंदे के सहारे लटका मिला। शव के सिर से खून निकलता देख परिजनों ने घटना पर सवाल उठाए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

फैजान ने करीब एक महीने पहले जास्मीन से प्रेम विवाह किया था। निकाह के बाद दोनों परिवार से अलग रह रहे थे। पत्नी जास्मीन के मुताबिक, प्रेम विवाह के चलते फैजान के परिवार के लोग उससे संबंध रखने के पक्ष में नहीं थे। इसी बात को लेकर वह तनाव में रहता था।

जास्मीन ने बताया कि शनिवार रात खाना खाने के बाद फैजान सो गया था। रविवार सुबह जब उसकी आंख खुली तो पति का शव पंखे से लटका मिला। उसने मायके और ससुराल पक्ष के लोगों को सूचना दी। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

फैजान के परिजनों ने शव के सिर से खून निकलने की बात कहते हुए घटना पर गंभीर आशंका जताई है। पुलिस ने परिजनों के आरोपों को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और आत्महत्या समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

फैजान दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। वह एक निजी अस्पताल में वार्ड ब्वॉय के रूप में काम करता था। बेटे की मौत के बाद मां जीनत निशा का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट –सुनील सक्सेना,बरेली

Related Articles

Back to top button