खजनी में 10 वर्षीय बालक की हत्या, पड़ोसी के बेसमेंट से मिला शव; पुलिस जांच में जुटी

गोरखपुर के खजनी में लापता 10 वर्षीय वैभव वर्मा का शव पड़ोसी के घर के बेसमेंट से बरामद हुआ। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर के खजनी कस्बे में 10 वर्षीय बालक की हत्या का मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है। सोमवार दोपहर से लापता वैभव वर्मा का शव मंगलवार सुबह पड़ोसी के घर के बेसमेंट से बरामद हुआ। पुलिस ने मामले में पड़ोसी सर्वेश भट्ट को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

स्कूल से लौटने के बाद हुआ था लापता

पुलिस के अनुसार, सर्राफा कारोबारी लक्ष्मी नारायण वर्मा का पौत्र वैभव सोमवार दोपहर स्कूल से घर लौटा था। यूनिफॉर्म बदलने के बाद वह नई साइकिल लेकर बाहर निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। कुछ देर बाद उसकी साइकिल सड़क किनारे लावारिस मिली, जबकि पास के खेत में उसकी एक चप्पल बरामद हुई। इसके बाद परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी।

CCTV और पूछताछ से खुली जांच की कड़ी

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पांच टीमें गठित कर तलाश अभियान शुरू किया। आसपास के सीसीटीवी फुटेज में वैभव दोपहर 2:07 बजे दूसरी गली की ओर जाता दिखाई दिया। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का संदेह पड़ोसी सर्वेश भट्ट पर गया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर उसके घर के बेसमेंट से वैभव का शव बरामद किया गया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, पुलिस कर रही हर पहलू की जांच

बताया जा रहा है कि करीब एक माह पहले ही वैभव की मां श्वेता वर्मा का लंबी बीमारी के बाद निधन हुआ था। अब बेटे की हत्या से परिवार गहरे सदमे में है। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: बदायूं के होटल में खाने के बाद बिल देने पर बवाल, कर्मचारियों से मारपीट का आरोप

Related Articles

Back to top button