2026 एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी का ऐलान, मोहाली में खिताबी जंग
सीएम भगवंत मान ने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का कार्यक्रम जारी कर दिया है. उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट 27 अक्टूबर से शुरू होकर 5 नवंबर को समाप्त होगा.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीएम भगवंत मान ने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का कार्यक्रम जारी कर दिया है. उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट 27 अक्टूबर से शुरू होकर 5 नवंबर को समाप्त होगा. टूर्नामेंट के मैच मोहाली और जालंधर में होंगे.
एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी (पुरुष) 2026 का शेड्यूल जारी कर दिया गया है. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में कार्यक्रम जारी किया. इस अवसर पर एशियाई हॉकी महासंघ (एएचएफ) के उपाध्यक्ष और हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ भी उपस्थित थे.
एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का कार्यक्रम जारी करते हुए मुख्यमंत्री मान ने बताया कि यह टूर्नामेंट 27 अक्टूबर से शुरू होकर 5 नवंबर को समाप्त होगा. टूर्नामेंट के मैच मोहाली और जालंधर में खेले जाएंगे. टूर्नामेंट का उद्घाटन समारोह 27 अक्टूबर को जालंधर में होगा, जबकि फाइनल मैच 5 नवंबर को मोहाली में खेला जाएगा.
हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी बड़ी बात
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब को पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी का अवसर मिला है और पंजाब इसे सफल बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगा. उन्होंने कहा कि विभिन्न देशों की हॉकी टीमों के लिए आवास, भोजन और अन्य व्यवस्थाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर की होंगी.
मुख्यमंत्री तैयारियों की समीक्षा करेंगे
सीएम ने बताया कि मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर हॉकी स्टेडियम और जालंधर के ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम में टूर्नामेंट की तैयारियां चल रही हैं. टूर्नामेंट से पहले दोनों स्टेडियमों में और सुधार किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री और खेल मंत्री होने के नाते वे स्वयं तैयारियों की समीक्षा करेंगे और स्टेडियम की व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे.
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टेडियम को मीडिया सेंटर, प्रसारण, उत्पादन सुविधाएं, चिकित्सा सुविधाएं, तकनीकी डगआउट, फ्लडलाइट्स, सिंथेटिक टर्फ, गोलपोस्ट, खिलाड़ियों के डगआउट, चेंजिंग रूम और दर्शकों की सुविधाओं सहित अन्य भागों के साथ अपग्रेड किया जा रहा है.



