3 घंटे में 24 मिमी बारिश, फिर भी नहीं डूबा गोरखपुर! नगर निगम की तैयारी आई काम
गोरखपुर में तीन घंटे में 24 मिमी बारिश के बावजूद गंभीर जलभराव नहीं हुआ। नगर आयुक्त अजय जैन ने शहर के संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मानसून की तेज बारिश के बीच गोरखपुर शहर में जलभराव की चुनौती से निपटने के लिए नगर निगम की तैयारियां सोमवार को जमीन पर नजर आईं। सुबह करीब तीन घंटे में 24 मिमी बारिश होने के बावजूद शहर के अधिकांश हिस्सों में लंबे समय तक पानी जमा नहीं हुआ। बारिश शुरू होते ही पंपिंग स्टेशनों और सम्पवेल को सक्रिय कर दिया गया, जिससे कई स्थानों पर आधे घंटे के भीतर जल निकासी हो गई।
नगर आयुक्त ने संवेदनशील इलाकों का किया निरीक्षण
बारिश के दौरान नगर आयुक्त अजय जैन ने निर्माण और जलकल विभाग की टीम के साथ शहर के प्रमुख क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने विजय चौराहा, एडी मॉल, सावित्री हॉस्पिटल, धर्मशाला मार्ग, तरंग ओवरब्रिज, गोरखनाथ ओवरब्रिज के नीचे स्थित नाला और टिनघर पुलिया समेत कई संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकांश जगहों पर जल निकासी व्यवस्था संतोषजनक मिली। अधिकारियों से उन्होंने मौके की स्थिति की जानकारी ली और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
मानसून में पंपिंग स्टेशन और नालों पर रहेगी नजर
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मानसून के दौरान सभी पंपिंग स्टेशनों को पूरी क्षमता से संचालित रखा जाए। साथ ही नालों की नियमित सफाई और जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन तत्काल उपलब्ध कराए जाएं, जिससे नागरिकों को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
पहले से अलर्ट थीं नगर निगम की टीमें
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार बारिश से पहले ही सभी संबंधित टीमें अलर्ट मोड पर थीं। इसी तैयारी का परिणाम रहा कि शहर में लंबे समय तक जलभराव की स्थिति नहीं बनी और यातायात भी सामान्य रहा। अधिकारियों ने बताया कि पूरे मानसून सीजन में इसी तरह निगरानी और त्वरित कार्रवाई जारी रखी जाएगी।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: शिक्षा के प्रहरी पारसनाथ राय को श्रद्धांजलि, लोगों ने याद किए समाज सेवा के कार्य



