बिहार में 32 नए मंत्रियों ने शपथ ली, नीतीश के बेटे निशांत बने मंत्री

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
पटना। बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार संपन्न हुआ, जिसमें पीएम मोदी और नीतीश कुमार की मौजूदगी में निशांत कुमार समेत 32 नए मंत्रियों ने शपथ ली। यह विस्तार भाजपा के नेतृत्व में हुए सत्ता परिवर्तन को दर्शाता है, जहाँ अब जेडीयू और बीजेपी के विधायकों को मिलाकर नए मंत्रिमंडल का गठन किया गया है।
बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, नीतीश कुमार, राजनाथ सिंह, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और अन्य नेताओं की उपस्थिति में हुआ। मंत्रिमंडल विस्तार महत्वपूर्ण है, क्योंकि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार में शामिल हुए। सबसे पहले श्रवण कुमार, विजय कुमार सिन्हा, दिलीप कुमार जयसवाल, निशांत कुमार और लेशी सिंह ने बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में मंत्री पद की शपथ ली। पांच-पांच विधायकों ने एक साथ मंत्रीपद की शपथ ली है। दूसरी बार में राम कृपाल यादव, नीतीश मिश्रा, दामोदर रावत, संजय सिंह टाइगर और अशोक चौधरी ने पटना में प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अन्य नेताओं की उपस्थिति में बिहार के मंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद भगवान सिंह कुशवाहा, अरुण शंकर प्रसाद, मदन सहनी, डॉ. संतोष कुमार सुमन और रमा निषाद ने पटना में बिहार मंत्री के रूप में शपथ ली। रत्नेश सादा, कुमार शैलेन्द्र, शीला कुमारी, केदार प्रसाद गुप्ता और लखेन्द्र कुमार रौशन ने बिहार के मंत्री पद की शपथ ली। सुनील कुमार, श्रेयसी सिंह, मोहम्मद जमा खान, नंद किशोर राम, शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल और प्रमोद कुमार ने बिहार मंत्री के रूप में शपथ ली। हिंदी पट्टी के इस महत्वपूर्ण राज्य में सत्ता का नेतृत्व भाजपा को पिछले महीने जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद मिला।

केरल में यूडीएफ के सीएम चेहरे पर चर्चा
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
तिरुवनंतपुरम। केरल विधानसभा चुनावों में यूनाइटेड डेमोक्रटिक फ्रं ट की महत्वपूर्ण जीत के बाद कांग्रेस नेताओं और एआईसीसी पर्यवेक्षकों अजय माकन और मुकुल वासनिक गुरुवार को तिरुवनंतपुरम में केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय पहुंचे, ताकि कांग्रेस विधायक दल की बैठक में भाग ले सकें।
पहुँचने पर अजय माकन ने पत्रकारों से कहा कि हम यहाँ मुख्यमंत्री पद की बैठक में शामिल होने आए हैं। देखते हैं कि विधायक क्या चाहते हैं। यह बैठक महत्वपूर्ण है क्योंकि यूडीएफ के नेतृत्व वाली पार्टी को निर्णायक जनादेश मिलने के बाद कांग्रेस नेतृत्व मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के चयन के लिए विचार-विमर्श शुरू कर रहा है।
किसानों के साथ वादाखिलाफी कर रही सरकार: जीतू पटवारी
आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर चक्काजाम मंत्री ने दी कार्रवाई की चेतावनी
मप्र में किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस का हल्लाबोल
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
भोपाल । मध्य प्रदेश में किसानों के मुद्दे पर गुरुवार को बड़ा सियासी टकराव देखने को मिलेगा। कांग्रेस ने आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे (एनएच-3) पर सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक प्रदेशव्यापी चक्काजाम का ऐलान किया है। करीब 747 किलोमीटर लंबे हाईवे पर सात प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शन होगा, जिसमें हजारों किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि सरकार किसानों के साथ वादाखिलाफी कर रही है। कांग्रेस का आरोप है कि गेहूं खरीदी 2700 रुपए प्रति क्विंटल के वादे के बावजूद 2625 रुपए में की जा रही है। साथ ही स्लॉट बुकिंग, भुगतान और सीमित खरीदी से किसान परेशान हैं। मुरैना, ग्वालियर, शिवपुरी, शाजापुर, इंदौर और खलघाट समेत कई पॉइंट पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आंदोलन की कमान संभालेंगे। आंदोलन में ग्वालियर-चंबल, मालवा, निमाड़ और भोपाल संभाग के कई जिलों के किसान शामिल होंगे। चक्काजाम को देखते हुए ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस ने वाहन चालकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। लोगों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने और समय से पहले यात्रा पूरी करने की सलाह दी गई है, ताकि जाम में फंसने से बचा जा सके।
व्यवस्था बिगाड़ी गई तो सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार कानूनी कार्रवाई
कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना ने कहा कि किसानों का एक-एक दाना खरीदेंगे कसाना ने कांग्रेस के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि सरकार घोषणा पत्र के मुताबिक खरीदी कर रही है और अब तक 8 लाख किसानों से 42 लाख टन गेहूं खरीदा जा चुका है। मंत्री ने दावा किया कि कुल 100 लाख मीट्रिक टन खरीदी की अनुमति मिली है और किसानों का एक-एक दाना खरीदा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भुगतान या स्लॉट बुकिंग की कोई समस्या नहीं है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि हाईवे जाम कर कानून व्यवस्था बिगाड़ी गई, तो सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गेहूं खरीदी बना बड़ा मुद्दा
कांग्रेस का कहना है कि समर्थन मूल्य को लेकर सरकार किसानों को गुमराह कर रही है। पड़ोसी राज्यों में ज्यादा भाव मिलने का हवाला देते हुए कांग्रेस ने धान खरीदी, खाद संकट और कृषि उपकरणों से जुड़े मुद्दों पर भी सरकार को घेरा है। अब देखना होगा कि किसानों के मुद्दे पर सडक़ पर उतर रही कांग्रेस का यह शक्ति प्रदर्शन सरकार पर कितना दबाव बना पाता है।
मुसलमानों को सिर्फ वोट बैंक बनाकर नहीं रखा जा सकता : ओवैसी
कांग्रेस- डीएमके गठबंधन टूटने पर किया तीखा प्रहार
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। तमिलनाडु में कांग्रेस और डीएमके का दशकों पुराना गठबंधन टूटने के बाद राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। इस बीच ओवैसी ने मुसलमानों के स्वतंत्र राजनीतिक नेतृत्व की जरूरत पर जोर देकर नई बहस छेड़ दी है।
ओवैसी ने एक्स पर पोस्ट कर मुस्लिम समुदाय के स्वतंत्र राजनीतिक नेतृत्व की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश के सबसे बड़े अल्पसंख्यक समुदाय यानी मुसलमानों को केवल नाम के सेक्युलर दलों का वोटर बनकर नहीं रहना चाहिए। ओवैसी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि मुसलमानों को वास्तविक समानता, न्याय और सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि लंबे समय से सेक्युलर राजनीति के नाम पर मुस्लिम समुदाय का इस्तेमाल केवल वोट बैंक की तरह किया जाता रहा है। औवैसी ने दावा किया कि आने वाले समय में मुसलमानों का स्वतंत्र राजनीतिक नेतृत्व मजबूत होकर उभरेगा।
हमीरपुर में नाव हादसे में निकाले 3 शव लापता 3 लोगों के लिए सर्च ऑपरेशन जारी
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
हमीरपुर। हमीरपुर के कुतुपुर में नाविक के मोबाइल पर बात करने से संतुलित खोकर पलटी नाव में डूबे 6 लोगों में से गुरुवार सुबह तक 3 के शव बरामद कर लिए गए हैं। मृतकों में 9 वर्षीय रानी, आंकाक्षा और महिला ब्रजरानी शामिल है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मूसलाधार बारिश के बीच यमुना के तेज बहाव में अभी भी लापता 3 बच्चों की तलाश कर रही हैं।
बता दें कि बेटी की विदा विदाई के बाद पड़ोसी, घरवाले और रिश्ते-नातेदार बच्चों के साथ खरबूजा खाने नाव से यमुना नदी पार चले गए और वापस आते समय नाविक मोबाइल से बात करने लगा। इसी दौरान नाव का संतुलन बिगड़ गया। जिससे नाव पलट गई और उसमें सवार मासूम बच्चों समेत नौ लोग डूब गए। घटना के कुछ ही देर बाद नाविक समेत तीन लोगों को बाहर निकाल लिया गया है। वहीं छह लोग नदी में डूब गए। जिनकी तलाश के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और फ्लड पीएसी की टीम रातभर जुटी रही।
गुरुवार की सुबह करीब सात बजे एक महिला का शव मिला और वहीं इसके एक घंटे बाद नौ वर्षीय एक किशोरी का भी शव टीम ने बरामद कर लिया है। बारिश के बीच नदी में टीम के द्वारा रेस्क्यू किया जा रहा है। इस घटना से मृतकों के स्वजन बेहाल हैं वहीं गांव में मातम छाया हुआ है।
पश्चिम एशिया में जंग पर अब विराम लगाने में आएगी तेजी
आगे बढ़ी ईरान-अमेरिका वार्ता युद्धविराम पर जल्द बन सकती है सहमति
इजरायल ने सीजफायर का उल्लंघन किया
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और संकट को खत्म करने की दिशा में ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत में बड़ी प्रगति होती दिखाई दे रही है। हालांकि इसबीच इजरायल ने बेरुत पर हमला कर सीजफायर का उल्लंघन किया है।
सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान गुरुवार को मध्यस्थ देशों के जरिए अमेरिका के उस प्रस्ताव पर अपना जवाब दे सकता है, जिसका उद्देश्य क्षेत्रीय संकट का समाधान निकालना और तनाव को पूरी तरह समाप्त करना है। दोनों एक प्रांरभिक समझोते की दिशा में आगे बढ़ रहे सूत्रों के अनुसार, तेहरान अभी भी अमेरिका समर्थित प्रस्ताव की समीक्षा कर रहा है, लेकिन दोनों पक्ष संभावित समझौते के काफी करीब पहुंचते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि वॉशिंगटन और तेहरान के बीच जारी बातचीत एक प्रारंभिक समझौते की दिशा में आगे बढ़ रही है, जिससे मौजूदा संकट को रोका जा सके और व्यापक परमाणु वार्ता का रास्ता तैयार हो सके। एक्सियोस की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी अधिकारियों और वार्ता से जुड़े सूत्रों ने इसे संघर्ष शुरू होने के बाद का सबसे बड़ा कूटनीतिक घटनाक्रम बताया है। हालांकि अभी अंतिम समझौता नहीं हुआ है, लेकिन बातचीत सकारात्मक दिशा में बढ़ रही है।
प्रस्तावित समझौते का उद्देश्य?
रिपोर्ट के अनुसार, प्रस्तावित समझौता एक 14 बिंदुओं वाले एक पन्ने के मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग पर आधारित है। इसका उद्देश्य तत्काल युद्धविराम लागू करना और अगले 3० दिनों के भीतर व्यापक समझौते के लिए बातचीत शुरू करना है।प्रस्ताव के तहत ईरान अस्थायी रूप से अपने परमाणु संवर्धन कार्यक्रम को रोक सकता है। इसके बदले अमेरिका ईरान पर लगे कुछ प्रतिबंध हटाने और ईरानी संपत्तियों में फंसे अरबों डॉलर को जारी करने की प्रक्रिया शुरू करेगा। साथ ही दोनों देश होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव कम करने और समुद्री आवाजाही को आसान बनाने की दिशा में भी काम करेंगे।
बातचीत के स्थान पर चर्चा
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में होर्मुज जलडमरूमध्य में सैन्य गतिविधियों को कम करने का फैसला इसी कूटनीतिक प्रगति को देखते हुए लिया था। इस पूरी कूटनीतिक प्रक्रिया का नेतृत्व अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि वे सीधे संपर्क और तीसरे पक्ष के मध्यस्थों के जरिए तेहरान से बातचीत कर रहे हैं। अगर यह समझौता औपचारिक रूप लेता है, तो इसे आधिकारिक तौर पर युद्ध समाप्ति की घोषणा माना जाएगा। साथ ही तकनीकी और परमाणु मुद्दों पर आगे की बातचीत इस्लामाबाद या जेनेवा में हो सकती है।
बेरुत में इजराइल का बड़ा हमला
इजराइल और हिजबुल्ला समूह के बीच 17 अप्रैल को युद्धविराम की घोषणा के बाद बुधवार को इजराइल ने पहली बार बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर हमला किया।इजऱायली सेना ने बेरूत के दक्षिणी इलाकों पर बमबारी की है और दावा किया है कि उन्होंने हिज़्बुल्लाह की रिज़वान फ़ोर्स के कमांडर मालेक बालू को मार गिराया है। इससे पहले, बेरुत में आखिरी हमले आठ अप्रैल को हुए थे, जब मध्य बेरुत समेत कई जगहों पर इजराइल के हमलों में 35० से अधिक लोग मारे गए थे। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि बुधवार के हमले में हिजबुल्ला के रादवान बल के एक कमांडर को निशाना बनाया गया था। हिजबुल्ला ने इस पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की



