सीतापुर में खूनी वारदात! महिला को बचाने पहुंचीं 60 साल की रामदेवी, कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या
सीतापुर के कमलापुर क्षेत्र के सुजौलिया गांव में कुल्हाड़ी से हमले में 60 वर्षीय रामदेवी की मौत हो गई। सरोजनी को बचाने के दौरान उन पर हमला हुआ। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू की है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर के कमलापुर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक हिंसक घटना से गांव में सनसनी फैल गई। सुजौलिया गांव में एक युवक ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर अपनी बड़ी मम्मी रामदेवी (60) की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले गांव की सरोजनी पर हमला किया था। उन्हें बचाने के लिए रामदेवी आगे आईं, तभी उन पर भी कुल्हाड़ी से वार कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
सरोजनी पर हमले के बाद बीच-बचाव करने पहुंचीं रामदेवी
जानकारी के मुताबिक, स्वर्गीय श्रीराम की पत्नी रामदेवी शुक्रवार सुबह गांव में दीपू के घर आई थीं। इसी दौरान प्रदीप उर्फ समदू कथित तौर पर दीवार फांदकर घर में पहुंचा और दीपू की पत्नी सरोजनी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। सरोजनी को बचाने के लिए रामदेवी आगे आईं तो आरोपी ने उन पर भी वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से रामदेवी की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी इतुल चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को हिरासत में ले लिया। मामले में भोला की ओर से पुलिस को लिखित तहरीर दी गई है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, जांच जारी
क्षेत्राधिकारी सिधौली वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जाती और वह वर्षों से घर से बाहर नहीं निकलता था। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: कानपुर में होमगार्ड भर्ती के मेडिकल पर बवाल, अभ्यर्थियों ने लगाए पैसे मांगने के आरोप



