निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, 1 मजदूर की मौत, कई घायल
उत्तर प्रदेश के उन्नाव जनपद में निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जनपद में निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया।
अल्युमिनियम गार्ड लादकर जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय ट्रॉली में कई मजदूर सवार थे।
दुर्घटना में एक मजदूर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस और एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र के अंतर्गत निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर हुआ।
रिपोर्ट- रंजन बाजपेई “निडर”,उन्नाव



