धोनी के साथ खेलने को लेकर उत्साहित हैं सैमसन

- सीएसके टीम में शामिल, धोनी से सीखने का मिलेगा मौका
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलने जा रहे भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन ने कहा है कि उनकी कई बार फोन पर बातचीत महेंद्र सिंह धोनी से हो चुकी है और अब उनके साथ एक ही टीम में खेलना उनके लिए बड़ा सीखने का मौका होगा। सीएसके ने राजस्थान रॉयल्स से सैमसन को ट्रेड किया था और वह इस सीजन सीएसके के लिए खेलेंगे। सैमसन ने कहा कि उन्होंने अब तक धोनी से फोन पर बात की है और उनसे मुलाकात भी हुई है, लेकिन टीम के साथी के रूप में उनके साथ मैदान पर उतरना उनके लिए खास अनुभव रहेगा।
उनके मुताबिक, वह इसे एक ऐसे अवसर के तौर पर देख रहे हैं जहां उन्हें धोनी जैसे अनुभवी खिलाड़ी से काफी कुछ सीखने को मिलेगा। आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलने को लेकर सैमसन ने कहा कि वह नई टीम के साथ खेलने को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें प्रशंसकों से जो प्यार और समर्थन मिल रहा है, उसके लिए वह खुद को आभारी महसूस करते हैं और आने वाले सीजन में टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहेंगे। इससे पहले सैमसन लंबे समय तक राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा रहे हैं। अपनी पूर्व टीम के खिलाफ खेलने की संभावना पर उन्होंने कहा कि यह पहली बार होगा जब वह राजस्थान के खिलाफ मैदान में उतरेंगे, लेकिन मैच के दौरान भावनाओं को हावी नहीं होने देंगे। सैमसन के अनुसार, उन्होंने राजस्थान रॉयल्स इसलिए छोड़ा क्योंकि उन्हें लगा कि उस टीम के साथ उनका समय पूरा हो चुका है। हालांकि अब अगर उनका सामना राजस्थान से होता है, तो वह पूरी पेशेवर प्रतिबद्धता के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलने की कोशिश करेंगे।
सनराइजर्स के शुरुआती मैच नहीं खेलेंगे कमिंस!
हैदराबाद। सनराइजर्स हैदराबाद के नियमित कप्तान पैट कमिंस फिलहाल पीठ की चोट से जूझ रहे हैं और इसी कारण वह आईपीएल 2026 के शुरुआती मैचों से बाहर रह सकते हैं। ऐसे में सनराइजर्स के लिए परेशानियों बढ़ गई हैं। टीम को ये विचार करना है कि कमिंस की गैरमौजूदगी में टीम की कमान कौन संभालेगा। कमिंस की अनुपस्थिति में टीम की कप्तानी के लिए रेस में दो भारतीय खिलाड़ी, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन सबसे आगे बताए जा रहे हैं। दोनों ही खिलाड़ी टीम के अहम सदस्य हैं और हाल के समय में शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं। ईशान किशन आईपीएल 2025 से सनराइजर्स हैदराबाद का हिस्सा हैं। उन्होंने हाल ही में घरेलू क्रिकेट में झारखंड की कप्तानी करते हुए टीम को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब दिलाया था, जिससे उनकी कप्तानी क्षमता भी सामने आई है। दूसरी ओर, अभिषेक शर्मा लंबे समय से हैदराबाद की टीम के साथ जुड़े हुए हैं। वह आईपीएल 2019 से पहले टीम में शामिल हुए थे और तब से लगातार टीम की योजनाओं का अहम हिस्सा बने हुए हैं।



