पीएम मोदी ट्रंप के पूरी तरह से नियंत्रण में हैं: राहुल गांधी

- लोस में पश्चिम एशिया की स्थिति पर प्रधानमंत्री के भाषण पर नेता प्रतिपक्ष ने दी प्रतिक्रिया
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। लोकसभा में पश्चिम एशिया की स्थिति पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण पर टिप्पणी करते हुए, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अमेरिका का नाम न लेने के लिए उनकी आलोचना की और कहा कि वे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पूरी तरह से नियंत्रण में हैं। वडोदरा में आदिवासी अधिकार संविधान सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी संसद में बहस नहीं कर सकते क्योंकि वे समझौता कर चुके हैं। राहुल ने कहा कि सुना है… प्रधानमंत्री ने 25 मिनट का भाषण दिया है। लेकिन मेरी गारंटी है- वो पार्लियामेंट में डिबेट नहीं कर सकते, क्योंकि वह कंप्रोमाइज्ड हैं।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने अभी 25 मिनट का भाषण दिया, लेकिन अमेरिका के खिलाफ एक शब्द नहीं बोला। नरेंद्र मोदी 100प्रतिशत ट्रंप के कंट्रोल में हैं। ट्रंप के सामने नरेंद्र मोदी चूं तक नहीं कर सकते। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि ट्रंप ने नरेंद्र मोदी को कंट्रोल कर रखा है। दो कारण हैं-पहला एपस्टीन और दूसरा अडानी। नरेंद्र मोदी ने ट्रंप से कह आप जो हुक्म करेंगे, हम वही करेंगे। हम आपसे पूछे बिना किसी से तेल और नेचुरल गैस नहीं खरीदेंगे।
ट्रेड डील कर भारत का कृषि सेक्टर अमेरिका के लिए खोल दिया
अपने हमला जारी रखते हुए राहुल ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने ट्रेड डील कर भारत का कृषि सेक्टर अमेरिका के लिए खोल दिया। हमारे यहां छोटे खेत होते हैं, वहीं अमेरिका में हजारों एकड़ के बड़े खेत होते हैं। हमारे यहां लोग हाथ से काम करते हैं और वहां बड़ी मशीनों से काम होता है। अगर अमेरिका का माल भारत आने लगा तो हमारे किसान बर्बाद हो जाएंगे। हमें मिलकर संविधान की रक्षा करनी है। संविधान की रक्षा में ही हिंदुस्तान के आदिवासियों, गरीबों, मजदूरों की रक्षा है। अगर संविधान खत्म हो गया तो हमारे पास कुछ नहीं बचेगा।
अमेरिका का नरेंद्र मोदी को सीधा मैसेज है कि ज्यादा ऊटपटांग हरकत की तो समझ लेना
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी और भाजपा का पूरा फाइनेंशियल स्ट्रक्चर अडानी है। नरेंद्र मोदी ने देशभर के पोर्ट, एयरपोर्ट, सीमेंट कंपनी, सोलर पॉवर, विंड पॉवर और सारा इन्फ्रास्ट्रक्चर अडानी को सौंप दिया। अमेरिका में अडानी पर जो केस है, दरअसल वो नरेंद्र मोदी को धमकाने के लिए है। अमेरिका का नरेंद्र मोदी को सीधा मैसेज है कि ज्यादा ऊटपटांग हरकत की तो समझ लेना। ट्रंप ने साफ कहा है- मैं मोदी का करियर ख़त्म कर सकता हूं।



