कानपुर: पुलिस और लुटेरों के बीच मुठभेड़, आरोपी के पैर में लगी गोली

कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में पुलिस और लुटेरों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में पुलिस और लुटेरों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। यह घटना सनिगवां स्थित अलकनंदा क्षेत्र के पास हुई, जहां पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गोली मारकर घायल कर दिया।

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले मंगला विहार इलाके में एक महिला सिविल डिफेंस कर्मी के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार जुटी हुई थी।

मंगलवार देर रात पुलिस को सूचना मिली, जिसके आधार पर घेराबंदी की गई। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली एक आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया।

पुलिस ने घायल आरोपी समेत उसके एक साथी को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।

रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा, कानपुर

Related Articles

Back to top button