कोल्डड्रिंक से भरे कंटेनर का ब्रेक फेल, चालक सहित दो की मौत, कई घायल

मिर्जापुर जिले के अंतिम छोर पर स्थित ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के मिर्जापुर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित ड्रमंडगंज घाटी में शनिवार की रात कोल्डड्रिंक लादकर नीचे उतरते समय कंटेनर का अचानक ब्रेक फेल हो गया।

4pm न्यूज नेटवर्क: मिर्जापुर जिले के अंतिम छोर पर स्थित ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के मिर्जापुर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित ड्रमंडगंज घाटी में शनिवार की रात कोल्डड्रिंक लादकर नीचे उतरते समय कंटेनर का अचानक ब्रेक फेल हो गया।

अनियंत्रित कंटेनर आगे चल रही कार, मोटरसाइकिल व कंटेनर में पीछे से टक्कर मारते हुए क्षतिग्रस्त हो गया। कंटेनर चालक व कंटेनर में बैठे एक अन्य कंटेनर चालक की मौके पर मृत्यु हो गई। वहीं खलासी और बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मध्य प्रदेश के इंदौर से कोल्डड्रिंक लादकर असम के गुवाहाटी जा रहा कंटेनर रात साढ़े दस बजे के करीब ड्रमंडगंज घाटी में नीचे उतरते समय जैसे ही जालिम मोड़ के आगे पहुंचा तो अचानक ब्रेक फेल हो गया। अनियंत्रित कंटेनर आगे चल रही कार में पीछे से टक्कर मार दी। संयोग ठीक था कि कार में सवार सभी लोग बाल बाल बच गए।कार में सवार सभी लोग मैहर से दर्शन कर वापस अपने घर सोनभद्र जा रहे थे।

इसके बाद अनियंत्रित कंटेनर आगे चल रही बाइक में टक्कर मारते हुए चार सौ मीटर आगे बड़का मोड़ घुमान पर आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में 35 वर्षीय कंटेनर चालक अरविंद कुमार निवासी निस्बी थाना मिलक जिला रामपुर तथा कंटेनर में सवार दूसरा कंटेनर चालक 50 वर्षीय लालता यादव निवासी खुटिया थाना चंदौली जिला चंदौली की मौके पर मृत्यु हो गई।

मृतक कंटेनर चालक देवास से कोल्ड ड्रिंक लदे कंटेनर में बैठकर अपने घर चंदौली जा रहा था कि रास्ते में दुर्घटना का शिकार हो गया।वहीं जान बचाने के लिए नीचे कूदने पर 21 वर्षीय खलासी हिम्मत सिंह निवासी निस्बी थाना मिलक जिला रामपुर गंभीर रूप से घायल हो गया। कंटेनर की चपेट में आने से बाइक सवार 28 वर्षीय अजय कुमार बिंद व उनका छोटा भाई विजय कुमार बिंद निवासी सोबरी सुभाष नगर थाना ऊंज जिला भदोही गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसमें विजय कुमार को गंभीर चोटें आई हैं।

बाइक सवार मुम्बई से बाइक से अपने घर भदोही जा रहे थे। राहगीरों की सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष ड्रमंडगंज भारत सुमन एसआई विनोद कुमार सिंह एसआई सुभाष यादव, मूलचंद्र वर्मा हेड कांस्टेबल संतोष यादव ने घायल बाइक सवार व खलासी को एंबुलेंस से उपचार हेतु पीएचसी हलिया भिजवाया। जहां चिकित्सक आलोक सिंह यादव ने गंभीर रूप से घायल खलासी हिम्मत सिंह व विजय कुमार को मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया।

वहीं बाइक चालक अजय कुमार बिंद की हालत सामान्य बताई जा रही है।थानाध्यक्ष भारत सुमन ने बताया कि हादसे कोल्डड्रिंक लदे कंटेनर चालक व कंटेनर में सवार एक अन्य कंटेनर चालक की मृत्यु हो गई है। घायल खलासी और बाइक सवार दोनों भाइयों को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है। घटना की सूचना मृत दोनों कंटेनर चालक के परिजनों को दे दी गई है।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की जांच की जा रही है।

रिपोर्ट – संतोष देव गिरि,मिर्जापुर

Related Articles

Back to top button