आईपीएल में राजस्थान ने जीत से की शुरुआत

  • वैभव और यशस्वी ने रखी जीत की नींव, चेन्नई के बल्लेबाजों ने किया निराश

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। वैभव सूर्यवंशी (52) और यशस्वी जायसवाल (38*) की तूफानी पारियों की मदद से राजस्थान रॉयल्स ने 128 रनों के लक्ष्य को 12.1 ओवर में हासिल कर लिया। इसी के साथ राजस्थान ने चेन्नई पर आठ विकेट से शानदार जीत दर्ज की। सोमवार को गुवाहाटी के बारसपारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में चेन्नई ने 19.4 ओवर में 10 विकेट पर 127 रन बनाए। जवाब में राजस्थान ने 12.1 ओवर में दो विकेट पर 128 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। राजस्थान ने टॉस जीतकर चेन्नई को बल्लेबाजी का न्योता दिया था। राजस्थान के गेंदबाजों ने बारिश की वजह से पिच को मिली नमी का पूरा फायदा उठाया और सीएसके के बल्लेबाजों पर कहर बनकर टूटे।
तेज गेंदबाज हों या फिर स्पिनर सीएसके के बल्लेबाजों के लिए आरआर के हर गेंदबाज को झेलना मुश्किल हो रहा था। संजू सैमसन और ऋ तुराज गायकवाड़ सीएसके को मजबूत शुरुआत नहीं दे सके। टीम के शीर्ष 4 बल्लेबाजों में कोई भी दो अंकों में नहीं पहुंच सका। टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और 19.4 ओवर में 127 रन पर सिमट गई। आठवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए जेमी ओवरटन ने 43 रन बनाकर टीम का स्कोर 127 तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया। 128 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान के लिए यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने पहले विकेट के लिए 6.2 ओवर में 75 रन जोडक़र जीत की मजबूत नींव रखी। वैभव ने 17 गेंदों पर 52 रन की पारी खेली। यशस्वी ने दूसरे विकेट के लिए ध्रूव जुरेल के साथ 24 रन की साझेदारी की। जायसवाल और रियान पराग ने नाबाद 29 रन की साझेदारी कर टीम को जीत दिला दी। जायसवाल ने पारी में एंकर की भूमिका निभाई। वह 38 रन बनाकर नाबाद रहे। पराग 11 गेंदों पर 14 रन बनाकर नाबाद रहे। सीएसके की तरफ से दोनों विकेट अंशुल कंबोज ने लिए।

पंजाब और गुजरात का मैच आज

नई दिल्ली। पिछले सीजन की उपविजेता पंजाब किंग्स आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेगी। पंजाब को आईपीएल 2025 के फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था। इसके साथ ही उनका पहली बार ट्रॉफी जीतने का सपना टूट गया। अब इस सीजन श्रेयस अय्यर की कप्तानी में वे पहला खिताब जीतने की कोशिश करेंगे। पंजाब और गुजरात के बीच होने वाले मुकाबले के लिए पिच काफी अहम होने वाली है। आईपीएल में पिछले कुछ सीजन से बड़े-बड़े स्कोर देखने को मिले हैं। पहले दोनों मैचों में इस सीजन भी चारों पारियों में 200 से अधिक का स्कोर बना है। ऐसे में न्यू चंडीगढ़ में होने वाले इस मुकाबले के लिए पिच पर भी सभी की निगाहें रहने वाली हैं।

Related Articles

Back to top button