मिर्जापुर हाईवे पर धू-धू कर जला ट्रक, कुछ ही मिनटों में आग का गोला बना वाहन
मिर्जापुर के वाराणसी-रीवा हाईवे पर धान से लदा एक ट्रक अचानक आग का गोला बन गया। बताया जा रहा है कि ट्रक के बेयरिंग घिसने से आग लगी और देखते ही देखते पूरा ट्रक धू-धू कर जलने लगा। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

4pm न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। वाराणसी-रीवा हाईवे पर गुरुवार को एक चलती ट्रक अचानक आग का गोला बन गई। कुछ ही मिनटों में पूरा ट्रक धू-धू कर जलने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने जब आग की लपटें देखीं तो तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
यह घटना उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के लालगंज थाना क्षेत्र में हुई, जहां हाईवे पर खड़े एक ट्रक में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते आग पूरे वाहन में फैल गई।
ओवरब्रिज पर लगी आग, हाईवे पर मचा हड़कंप
जानकारी के मुताबिक घटना वाराणसी-रीवा राजमार्ग पर तुलसी गांव के पास बने ओवरब्रिज की है। यहां हैदराबाद से वाराणसी और गोरखपुर की ओर जा रहा एक ट्रक खड़ा था। इसी दौरान ट्रक के बेयरिंग घिसने की वजह से उसमें आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में पूरा ट्रक लपटों में घिर गया। हाईवे पर गुजर रहे वाहन चालकों और आसपास के ग्रामीणों ने यह दृश्य देखा तो इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढ़ें: नोएडा अस्पताल में बड़ा कांड! इंसानों के इलाज के लिए आ गईं ‘जानवरों वाली’ सिरिंज
ग्रामीणों ने दी सूचना, देर से पहुंची फायर ब्रिगेड
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद उत्तर प्रदेश अग्निशमन सेवा की टीम को भी बुलाया गया। हालांकि फायर ब्रिगेड के पहुंचने तक ट्रक का बड़ा हिस्सा आग की चपेट में आ चुका था। काफी मशक्कत के बाद टीम ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक के टायर और बॉडी का बड़ा हिस्सा जल चुका था।
धान से लदा था ट्रक, हुआ भारी नुकसान
ट्रक मालिक और चालकइजाज़ अहमद ने बताया कि ट्रक में धान लोड था जिसे वाराणसी और गोरखपुर में उतारा जाना था। आग लगने से ट्रक के साथ-साथ धान का कुछ हिस्सा भी जल गया। उन्होंने बताया कि ट्रक के बेयरिंग घिसने की वजह से यह हादसा हुआ। ट्रक के टायर पूरी तरह जल गए और बॉडी को भी काफी नुकसान पहुंचा है।
क्रेन की मदद से हटाया जाएगा ट्रक
घटना के बाद पुलिस ने ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए मौके पर इंतजाम किए। पुलिस चौकी प्रभारी सुजीत कुमार सेठ ने बताया कि ट्रक को पहले खाली कराया जाएगा, इसके बाद क्रेन की मदद से उसे हाईवे से हटाया जाएगा ताकि रास्ता पूरी तरह साफ किया जा सके। फिलहाल धान को दूसरे ट्रक में शिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है।
बड़ी दुर्घटना टली
गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। अगर ट्रक चलते समय आग पकड़ लेता या आसपास अन्य वाहन खड़े होते, तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आग लगने के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
यह भी पढ़ें: CAPF बिल पर राहुल का विरोध, SC की बात को अनदेखा कर रही सरकार



