बीजू पटनायक पर बयान देकर फंसे निशिकांत दुबे

- माफी मांगते हुए कहा- नेहरू के लिए कहा था, बयान को गलत समझा गया
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। बीते हफ्ते भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने ओडिशा के पूर्व सीएम बीजू पटनायक को लेकर कुछ ऐसा कह दिया था, जिस पर खासा विवाद हुआ। अब निशिकांत दुबे ने अपने बयान पर माफी मांगी है। निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में बताया कि उनके बयान का गलत मतलब निकाला गया और ये उनके व्यक्तिगत विचार थे। निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, पिछले हफ्ते मीडिया से बात करते हुए मैंने नेहरू गांधी परिवार के कारनामों के क्रम में कुछ बयान दिया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री और भारत के अग्रणी नेताओं में शुमार बीजू पटनायक के संदर्भ में बोली गईं, मेरी बातों का गलत मतलब निकाला गया। यह मेरा व्यक्तिगत बयान है। नेहरू जी के ऊपर मेरे विचार को बीजू पटनायक के ऊपर समझा गया। निशिकांत दुबे ने कहा बीजू बाबू हमारे लिए हमेशा ऊंचे कद के नेता रहे हैं और रहेंगे। मेरे वक्तव्य से अगर किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो मैं उसके लिए बिना शर्त माफी मांगता हूं।
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने 27 मार्च को एक बयान में दावा किया था कि 1960 के दशक में अमेरिका ने तिब्बत में अपने सैनिक और सीआईए एजेंट भेजे थे क्योंकि उसे डर था कि चीन तिब्बत पर कब्जा कर लेगा। दलाई लामा और उनके भाई लगातार अमेरिकी सरकार के संपर्क में थे। पंडित नेहरू ने पूरा युद्ध अमेरिका के पैसों और सीआईए के सहयोग से लड़ा। उस समय ओडिशा के मुख्यमंत्री बीजू पटनायक अमेरिका, सीआईए और नेहरू के बीच की कड़ी थे।



