मिर्ज़ापुर: हर घर जल का दावा, लेकिन गांव में लोग पी रहे खारा- गंदा पानी
मिर्ज़ापुर के जमालपुर ब्लॉक की भुईली खास ग्राम पंचायत में हैंडपंप से गंदा और खारा पानी निकल रहा है। ग्रामीण मजबूरी में वही पानी पी रहे हैं। जल निगम की सप्लाई भी नहीं पहुंच रही, जबकि जल जीवन मिशन की पाइपलाइन होने के बावजूद कनेक्शन नहीं मिला है।

4pm न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के मिर्ज़ापुर जिले में गर्मी की शुरुआत के साथ ही पानी का संकट गहराने लगा है। पहाड़ी इलाके वाले इस जिले के कई गांवों में लोगों को साफ पीने का पानी नहीं मिल पा रहा है। हालात ऐसे हो गए हैं कि कुछ गांवों में लोग गंदा और खारा पानी पीने को मजबूर हैं। ताजा मामला विकास खंड जमालपुर की ग्राम पंचायत भुईली खास के वार्ड नंबर 15 का है, जहां हैंडपंप से गंदा पानी निकलने के कारण ग्रामीण काफी परेशान हैं।
हैंडपंप से निकल रहा खारा और गंदा पानी
ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में जो हैंडपंप चल रहा है, उससे कई दिनों से खारा और गंदा पानी निकल रहा है। मजबूरी में लोग उसी पानी को कपड़े से छानकर पी रहे हैं। बस्ती के लोगों के अनुसार पहले यहां कुछ और हैंडपंप भी थे, लेकिन वे खराब हो चुके हैं। अब पूरे मोहल्ले के लोग सिर्फ एक ही हैंडपंप पर निर्भर हैं।
जल निगम की सप्लाई भी नहीं पहुंच रही
ग्रामीण बताते हैं कि ग्राम पंचायत भुईली खास में पहले से ही उत्तर प्रदेश जल निगम की पानी टंकी से घरों तक पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था की गई थी। इसी कारण इस गांव को जल जीवन मिशन योजना से कनेक्शन नहीं दिया गया। लेकिन अब स्थिति यह है कि जल निगम की सप्लाई भी ठीक से नहीं पहुंच रही। कम दबाव के कारण कई घरों तक पानी नहीं आता। ऐसे में लोगों को हैंडपंप के सहारे ही रहना पड़ रहा है।
खेतों के कुओं से ला रहे पानी
पानी की समस्या इतनी बढ़ गई है कि गर्मी के दिनों में बस्ती के लोग करीब 500 मीटर दूर किसानों के खेतों में बने कुओं से पानी लाकर पीने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
पाइपलाइन होने के बावजूद नहीं मिला कनेक्शन
स्थानीय लोगों का कहना है कि जल जीवन मिशन की पाइपलाइन उनके घरों के सामने से गुजर रही है, लेकिन उन्हें कनेक्शन नहीं दिया गया। ग्रामीणों के मुताबिक, अधिकारियों ने यह कहकर कनेक्शन नहीं दिया कि गांव में पहले से जल निगम की पानी सप्लाई मौजूद है। अब हालत यह है कि न जल निगम का पानी मिल रहा है और न ही जल जीवन मिशन का।
बीमारी फैलने का खतरा
ग्रामीणों को डर है कि गंदा पानी पीने से गांव में बीमारियां फैल सकती हैं। अन्नदाता मंच के संयोजक चौधरी रमेश सिंह का कहना है कि यदि जल जीवन मिशन के तहत सिर्फ कनेक्शन देकर नल लगा दिया जाए तो इस बस्ती की बड़ी समस्या हल हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द हैंडपंप की मरम्मत कराई जाए और जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक साफ पानी पहुंचाया जाए।
ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग
गांव की लक्ष्मीना देवी, भरत, समलौती, दीपक, मिठ्ठू, महगुं, सहगुं, राजधनी, लक्ष्मण, शालिक, श्यामा, कंतू, लालचंद, बिहारी, इंद्रजीत और दशरथ समेत कई ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि जल्द समाधान निकाला जाए। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते पानी की समस्या दूर नहीं की गई तो गांव में संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
रिपोर्ट- संतोष देव गिरि
यह भी पढ़ें: मिर्ज़ापुर: गंगा की लहरों के आगे नहीं टिक पाया नया पीपा पुल, ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी



