“लोकतंत्र की हत्या करने वाले सत्ता से बाहर…” अपर्णा यादव के बयान से गरमाई राजनीति
उन्नाव में महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने पश्चिम बंगाल की हिंसा और टीएमसी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की हत्या करने वाले आज सत्ता से बाहर हैं। गंगा से गंगासागर तक मजबूत कनेक्टिविटी की जरूरत पर भी जोर दिया।

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क: उन्नाव में आयोजित एक निजी स्कूल के कार्यक्रम में पहुंचीं भाजपा नेत्री और राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने पश्चिम बंगाल की राजनीति और वहां की कानून-व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल में हुई हत्याओं की निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश करने वालों को जनता ने सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा दिया है।
अपर्णा यादव का यह बयान ऐसे समय आया है जब पश्चिम बंगाल की राजनीति और वहां की हिंसक घटनाएं लगातार राष्ट्रीय बहस का हिस्सा बनी हुई हैं। उन्नाव में दिए गए उनके बयान को राजनीतिक तौर पर काफी अहम माना जा रहा है।
बंगाल हिंसा पर बोलीं अपर्णा यादव
मीडिया से बातचीत में अपर्णा यादव ने कहा कि पश्चिम बंगाल में जिस तरह की घटनाएं सामने आई हैं, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा और भय का कोई स्थान नहीं होना चाहिए। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा, “लोकतंत्र की हत्या करने का जिसने प्रयास किया, आज वह सत्ता से बाहर है।” उनके इस बयान को राजनीतिक गलियारों में सीधे तौर पर विपक्षी दलों पर निशाना माना जा रहा है।
“टीएमसी सरकार में विकास नहीं, अराजकता दिखी”
अपर्णा यादव ने पश्चिम बंगाल की TMC सरकार पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी शासन के दौरान राज्य में विकास कार्यों की गति कमजोर रही और वहां अराजकता तथा प्रशासनिक उदासीनता का माहौल देखने को मिला। उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य की प्रगति के लिए सुशासन और सुरक्षित वातावरण बेहद जरूरी है। जनता अब विकास और स्थिरता चाहती है।
गंगा से गंगासागर तक कनेक्टिविटी पर दिया जोर
अपने संबोधन में अपर्णा यादव ने गंगा से गंगासागर तक बेहतर संपर्क व्यवस्था की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह मार्ग करोड़ों सनातन श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा हुआ है और इसका मजबूत होना बेहद जरूरी है। उन्होंने विश्वास जताया कि मोदी सरकार गंगासागर तक के मार्ग को और मजबूत करेगी, जिससे श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में मौजूद रहे स्थानीय लोग और शिक्षाविद
उन्नाव के निजी स्कूल में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, शिक्षक और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। अपर्णा यादव ने शिक्षा, महिला सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता जैसे मुद्दों पर भी अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के बाद उनके बयान सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बन गए। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पश्चिम बंगाल को लेकर भाजपा नेताओं के लगातार आ रहे बयान आने वाले समय में राजनीतिक माहौल को और गर्मा सकते हैं।
रिपोर्ट – रंजन बाजपाई
यह भी पढ़ें: कानपुर में ‘पेशाब कांड’ का नया मोड़: आरोपी पर पीड़ित को धमकाने का आरोप, वीडियो जारी कर मांगी सुरक्षा



