बांदा में खौफनाक मर्डर, जमीन के लिए बेटे ने मां और भाई को उतारा मौत के घाट

बांदा जिले के बबेरू कस्बे में रविवार को रिश्तों का ऐसा खूनी अंत हुआ, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बांदा जिले के बबेरू कस्बे में रविवार को रिश्तों का ऐसा खूनी अंत हुआ, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया।

जमीन के विवाद में बड़े बेटे ने अपनी ही मां और छोटे भाई को लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।

जानकारी के अनुसार बबेरू तहसील के पीछे स्थित मोहल्ले में लंबे समय से पैतृक जमीन को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। रविवार को यह विवाद अचानक हिंसक हो गया। आरोप है कि बड़े बेटे ने गुस्से में आकर अपनी मां शांति देवी (60) पत्नी जगदीश और छोटे भाई देवीदीन (22) पुत्र जगदीश पर बेहद करीब से ताबड़तोड़ गोलियां दाग दीं।

गोलियों की आवाज से पूरा मोहल्ला दहल उठा। जब तक लोग कुछ समझ पाते, मां और बेटा खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर चुके थे। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया,जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल स्वयं फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है और हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक को कब्जे में लेने की कार्रवाई की जा रही है। इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे बांदा जिले को झकझोर दिया है। जमीन के विवाद ने एक ही पल में मां-बेटे की जिंदगी छीन ली और परिवार को हमेशा के लिए बिखेर दिया।

रिपोर्ट -इकबाल खान, बांदा

Related Articles

Back to top button