कानपुर दौरे पर अक्षय प्रताप सिंह का बड़ा दावा,कहा- प्रदेश में तीसरे नंबर पर है हमारी पार्टी
अक्षय प्रताप सिंह ने रविवार को कानपुर पहुंचकर आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: अक्षय प्रताप सिंह ने रविवार को कानपुर पहुंचकर आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया।
मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने साफ कहा कि उनकी पार्टी प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने की तैयारी कर रही है और चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि जनसत्ता दल लोकतांत्रिक अब प्रदेश की राजनीति में तेजी से मजबूत हो रही है और जनता के बीच पार्टी की स्वीकार्यता लगातार बढ़ रही है। अक्षय प्रताप सिंह ने दावा किया कि आज उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में तीसरे नंबर की ताकत बनकर उभर रही है।
“2027 में सभी सीटों पर लड़ेंगे चुनाव”
मीडिया से बातचीत में अक्षय प्रताप सिंह ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक प्रदेश की सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार मैदान में उतारेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
उन्होंने कहा,“हम पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेंगे। हमारी पार्टी हर वर्ग और समाज के लोगों को साथ लेकर चल रही है। जनता बदलाव चाहती है और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक उस विकल्प के रूप में तेजी से आगे बढ़ रही है।”
बीजेपी के नारे पर भी बोले अक्षय प्रताप सिंह
बीजेपी के “सबका साथ, सबका विकास” नारे पर प्रतिक्रिया देते हुए अक्षय प्रताप सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी भी इसी सोच के साथ काम कर रही है।
उन्होंने कहा,“अगर बीजेपी का नारा सबका साथ, सबका विकास है तो हमारी पार्टी का भी यही उद्देश्य है। हम भी हर वर्ग के विकास पर काम करते हैं और समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना चाहते हैं।”
अखिलेश यादव के बयान पर दिया जवाब
समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव के 2027 में सरकार बनाने के दावे पर भी अक्षय प्रताप सिंह ने प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा,“अगर अखिलेश यादव कह रहे हैं कि 2027 में उनकी सरकार बनेगी, तो हम भी अपनी सरकार बनाने के लिए पूरी तैयारी कर रहे हैं। लोकतंत्र में हर पार्टी चुनाव जीतने के उद्देश्य से मैदान में उतरती है और हमारी पार्टी भी उसी लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है।”
“बिना गठबंधन सरकार बनाना आसान नहीं”
अक्षय प्रताप सिंह ने प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर बात करते हुए कहा कि आज के समय में किसी भी दल के लिए बिना गठबंधन सरकार बनाना आसान नहीं है।
उन्होंने कहा,“प्रदेश में ऐसी कोई बड़ी पार्टी नहीं है जो बिना गठबंधन के आसानी से सरकार बना ले। लेकिन हमारी पार्टी की ताकत यह है कि हमारे दो विधायक बिना किसी गठबंधन के जीतकर आए हैं। यह जनता के विश्वास को दर्शाता है।”
सपा और बीजेपी दोनों के खिलाफ उतारेंगे उम्मीदवार
जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के एमएलसी ने स्पष्ट किया कि 2027 चुनाव में उनकी पार्टी समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी दोनों के खिलाफ अपने प्रत्याशी उतारेगी।
उन्होंने कहा कि पार्टी प्रदेश में तीसरे राजनीतिक विकल्प के रूप में खुद को स्थापित करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान और युवा कार्यकर्ताओं को जोड़ने पर विशेष फोकस किया जा रहा है।
कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
कानपुर पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने अक्षय प्रताप सिंह का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थक और पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और नारों के साथ उनका स्वागत किया।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से सभी दलों ने अपनी रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। ऐसे में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक का सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान प्रदेश की राजनीति में नई हलचल पैदा कर सकता है।
रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा, कानपुर



