लोकतंत्र को भाजपा कुचल रही: संजय

  • आप सांसद बोले- ईडी भाजपा की सुपारी किलर

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
लखनऊ। आम आदमी पार्टी के सांसद व यूपी के प्रभारी संजय सिंह ने पंजाब में आम आदमी पार्टी के नेताओं पर ईडी की कार्रवाई को लेकर संजय सिंह ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा हर चुनावी राज्य में ईडी, सीबीआई, चुनाव आयोग और केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर लोकतंत्र को कुचल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग में बैठे ज्ञानेश कुमार के माध्यम से पूरे देश में चुनावी घोटाले किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले अशोक मित्तल पर छापेमारी कर उन्हें भ्रष्टाचारी बताया गया, लेकिन भाजपा में शामिल होने के बाद उन्हें वाशिंग मशीन में धुला हुआ घोषित कर दिया गया।
अब पंजाब में संजीव अरोड़ा को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तीन दिन तक छापेमारी के बावजूद कुछ नहीं मिला तो झूठा मामला बनाकर गिरफ्तारी कर ली गई। संजय सिंह ने कहा कि ईडी भाजपा का सुपारी किलर बन चुकी है। जहां चुनाव होता है वहां यह एजेंसी सक्रिय हो जाती है और राजनीतिक विरोधियों की राजनीतिक हत्या करने का काम करती है। उन्होंने कहा कि संजीव अरोड़ा की कंपनी पर मोबाइल निर्यात में फर्जीवाड़े का आरोप लगाया गया जबकि हर मोबाइल का आईएमईआई नंबर होता है और आसानी से पता लगाया जा सकता है कि मोबाइल निर्यात हुआ या नहीं। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल दबाव बनाकर विरोधियों को अपनी पार्टी में शामिल कराना चाहती है।

अकबरनगर से 18 सौ परिवारों को उजाडक़र 25० वर्गफीट के छोटे घरों में ठूंसा

संजय सिंह ने कहा कि 1,8०० परिवारों को अकबरनगर से उजाडक़र बसंतकुंज में बसाया गया, जहां उन्हें मात्र 25० वर्गफीट के छोटे घरों में ठूंस दिया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इन समस्याओं के समाधान की मांग करने की बात कही। उन्होंने बुलडोजर राजनीति पर हमला बोलते हुए कहा, जब मुसलमानों के घरों पर बुलडोजर चलता है तो कुछ लोग खुशी मनाते हैं, लेकिन उन्हें यह समझना चाहिए कि भाजपा किसी की सगी नहीं है। कल हिंदुओं और दलितों की बारी भी आएगी। कहा अगर जरूरत पड़ेगी तो वह इन विस्थापितों की लड़ाई सडक़ से लेकर संसद तक और फिर न्यायपालिका से भी लड़ेंगे।

Related Articles

Back to top button