सियासत, संवेदना और सवालों के बीच विदा हुए प्रतीक यादव

भैसाकुंड में हुआ अंतिम संस्कार विक्रमादित्य मार्ग से भैसाकुंड तक उमड़ा जनसैलाब

डॉग लवर की पहचान के साथ निकली अंतिम यात्रा

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
लखनऊ। समाजवादी परिवार एक बार फिर गहरे शोक में डूबा नजर आया जब प्रातीक यादव का अंतिम संस्कार लखनऊ के भैसाकुंड स्थित बैकुंठधाम में पूरे राजनैतिक और सामाजिक माहौल के बीच किया गया। समाजवादी पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव के निधन की खबर ने न सिर्फ यादव परिवार बल्कि समाजवादी समर्थकों को भी भावुक कर दिया। अंतिम संस्कार से पहले उनका पार्थिव शरीर विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया, जहां सुबह से ही समर्थकों, शुभचिंतकों और आम लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हर किसी की आंखों में उदासी और चेहरे पर गम साफ दिखाई दे रहा था।
प्रतीक यादव की अंतिम यात्रा भी बिल्कुल अलग अंदाज में दिखाई दी। उनकी पहचान सिर्फ एक राजनीतिक परिवार के सदस्य के तौर पर नहीं थी बल्कि वह डॉग लवर और पशु प्रेमी के रूप में भी खासे लोकप्रिय थे। यही वजह रही कि उनकी अंतिम यात्रा में फूलों के साथ-साथ उनकी जिंदगी से जुड़ी तस्वीरें भी वाहन पर सजाई गईं। कई तस्वीरों में वह अपने पालतू कुत्तों के साथ नजर आ रहे थे, जिसने पूरे माहौल को और भावुक बना दिया।
विक्रमादित्य मार्ग से भैसाकुंड तक निकली अंतिम यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए। सडक़ के दोनों ओर खड़े समर्थक नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई देते नजर आए। समाजवादी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम नागरिक भी बड़ी संख्या में अंतिम यात्रा में शामिल हुए। समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की। परिवार के सदस्यों के साथ मौजूद डिंपल यादव भावुक नजर आईं। बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और शुभचिंतक भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
इस दौरान समाजवादी पार्टी के कई नेताओं ने परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। एसपी सांसद सिंह पटेल ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए मामले की गहन जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है, जिससे कई सवाल खड़े होते हैं। जब मुझे इस घटना की जानकारी मिली तो मैं स्तब्ध रह गया। यदि किसी प्रकार की साजिश या गलत घटना हुई है, तो दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। पोस्टमार्टम में चोट के तीन पुराने निशानों का उल्लेख गंभीर चिंता का विषय है
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने भी प्रतीक यादव के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा, उनका अचानक इस तरह चले जाना हम सभी के लिए अत्यंत पीड़ादायक है। पूरा परिवार शोक में डूबा हुआ है। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा, इतनी कम उम्र में किसी का दुनिया छोड़ देना बेहद हृदयविदारक है। यह सिर्फ परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए दुखद क्षण है। ईश्वर परिवार को यह दुख सहने की शक्ति दें। उन्होंने कहा कि यह घटना हर किसी को झकझोर देने वाली है। उन्होंने कहा, जब कोई युवा व्यक्ति अचानक हमें छोडक़र चला जाता है, तो वह केवल एक परिवार की नहीं बल्कि पूरे समाज की क्षति होती है।
समाजवादी पार्टी के विधायक अरमान खान ने भी इस घटना को दुखद बताया। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में किसी का निधन होना अत्यंत दुखद है और इससे पूरा राजनीतिक परिवार आहत है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि वह इस घटना से बेहद दुखी हैं। उन्होंने कहा, मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति मिले। इतनी कम उम्र में किसी का जाना बहुत पीड़ादायक होता है। वहीं, यूपी सरकार के मंत्री राकेश सचान ने कहा कि किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि प्रतीक यादव इतनी जल्दी सभी को छोडक़र चले जाएंगे। उन्होंने इसे राजनीति और समाज दोनों के लिए बड़ी क्षति बताया।

प्रवीण सूद को मिला एक और सेवा विस्तार, बने रहेंगे सीबीआई निदेशक

केंद्र सरकार ने जारी किया आदेश

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के निदेशक प्रवीण सूद का कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ा दिया गया है। इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिया गया है। आदेश में कहा गया है कि कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने चयन समिति की सिफारिश के आधार पर कर्नाटक कैडर के 1986 बैच के आईपीएस अधिकारी प्रवीण सूद का केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) निदेशक के रूप में कार्यकाल 24 मई 2026 के बाद एक साल के लिए बढ़ाने को मंजूरी दे दी है।
प्रवीण सूद ने 25 मई 2023 को सीबीआई निदेशक के तौर पर जिम्मेदारी संभाली थी। तब उन्होंने दो साल की अवधि के लिए सीबीआई निदेशक का पदभार संभाला था। मई 2025 में उनको एक साल का सेवा विस्तार दिया गया था और अब उन्हें एक बार फिर से सेवा विस्तार दिया गया है। अब वह इस पद पर मई 2027 तक बने रहेंगे।
प्रवीन सूद 1986 बैच के कर्नाटक कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। सीबीआई निदेशक बनने से पहले वह कर्नाटक के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के रूप में कार्यरत थे। उनका जन्म 1964 को हिमाचल प्रदेश के कांग?ा में हुआ था। मंगलवार को अगले सीबीआई निदेशक की नियुक्ति को लेकर पीएमओ में बैठक हुई थी। इस बैठक में मुख्य न्यायाधीश और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी शामिल हुए थे। बताया जा रहा है कि इस बैठक में उनके सेवा विस्तार को लेकर फैसला लिया गया।
हालांकि, राहुल गांधी ने सीबीआई निदेशक की नियुक्ति की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाया था और सोशल मीडिया पर पीएम मोदी को लिखे एक पत्र को साझा किया था। उन्होंने कहा था कि यह प्रक्रिया पक्षपातपूर्ण है और वह इसमें शामिल होकर अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी से पीछे नहीं हट सकते। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पत्र साझा करते हुए लिखा, ”मैंने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर सीबीआई निदेशक चयन प्रक्रिया पर अपना विरोध दर्ज कराया है। मैं एक पक्षपातपूर्ण प्रक्रिया में शामिल होकर अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी नहीं छोड़ सकता। नेता प्रतिपक्ष कोई रबर स्टैंप नहीं है।”

ट्रक में जा घुसी स्कार्पियो, एक ही परिवार के चार की मौत

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
लखनऊ। बांदा जिले में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर भीषण स?क हादसा हो गया। इसमें एक स्कॉर्पियो गैस सिलिंडर लदे ट्रक से जा भिड़ी। हादसे में स्कॉर्पियो के चालक सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एक 20 वर्षीय युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद युवती को कानपुर रेफर कर दिया है। बताया जा रहा है कि सभी मृतक और घायल आजमगढ़ के रामगढ़ के रहने वाले एक ही परिवार के सदस्य हैं, जो कबरई जा रहे थे।
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक सडक़ हादसे की सूचना पर जिलाधिकारी अमित आसेरी ने घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि कोतवाली देहात क्षेत्र के अंतर्गत बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर एक स्कार्पियो और ट्रक की भिड़ंत हुई है। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है।
प्रशासन द्वारा शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना में एक युवती गंभीर रूप से घायल है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर किया गया है। प्रशासन पीड़ित परिवार के संपर्क में है और नियमानुसार हर संभव सहायता सुनिश्चित की जाएगी।

नींद की झपकी बनी चार मौतों का कारण

बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे हादसे को लेकर एसपी पलाश बंसल ने बताया कि आज थाना कोतवाली देहात को सूचना मिली कि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर एक डीसीएम और स्कार्पियो के बीच भिड़ंत हो गई है। पुलिस, फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीमों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया।

गाड़ी पीछे से डीसीएम में जा घुसी

स्कार्पियो में एक पुरुष और चार महिलाएं सवार थीं। मौके पर तीन लोगों की मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। प्रथम दृष्टया दुर्घटना का कारण स्कार्पियो चालक को नींद की झपकी आना प्रतीत हो रहा है, जिससे गाड़ी पीछे से डीसीएम में जा घुसी। यातायात सुचारु कर दिया गया है और विधिक कार्रवाई जारी है।

अलीगढ़ में स्कूली बस पलटी, कई बच्चे घायल

अलीगढ़। हाथरस सीमा पर गंगीरी थाना क्षेत्र में एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें कई स्कूली बच्चे घायल हो गए। इसकी जानकारी गुरुवार को अलीगढ़ के एसपी ग्रामीण मनीष कुमार मिश्रा ने दी। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और फंसे हुए छात्रों को बचाने के लिए बस की खिड़?कियां तोड़ दीं। कुछ बच्चों को मामूली चोटें आईं और उन्हें इलाज के लिए पास के एक चिकित्सा केंद्र में ले जाया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल एक बच्चे को अलीगढ़ के एक अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बस में बच्चे स्कूल जा रहे थे, तभी चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण बस सडक़ किनारे खाई में पलट गई। एसपी ग्रामीण मनीष कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। दुर्घटना में करीब सात से आठ बच्चे घायल हुए हैं। एक बच्चे के चेहरे पर चोटें आई हैं और उसे इलाज के लिए अलीगढ़ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हम मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायल हुए अन्य सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं। अधिकारियों ने घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है, जिसमें स्कूल बस की स्थिति और उपयुक्तता की जांच भी शामिल है। इस घटना ने उत्तर प्रदेश में स्कूली वाहनों के सुरक्षा मानकों को लेकर एक बार फिर चिंताएं बढ़ा दी हैं। 2 मार्च को कासगंज जिले में एक दुखद दुर्घटना में छह वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जब वह चलती स्कूल बस के टूटे हुए फर्श से गिर गई और उसके पिछले पहिए के नीचे कुचल गई। मृत बच्ची की पहचान अनन्या कुमारी के रूप में हुई थी, जो अलीगढ़ के माउंट देव इंटरनेशनल स्कूल में यूकेजी की छात्रा थी।

Related Articles

Back to top button