आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बस हादसा, बस-कंटेनर भिड़ंत में 22 यात्री घायल

हादसे में दिल्ली से आजमगढ़ जा रही एक डबल डेकर इंटरसिटी बस आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के उन्नाव में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया।

हादसे में दिल्ली से आजमगढ़ जा रही एक डबल डेकर इंटरसिटी बस आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में करीब 22 यात्री घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

एक्सप्रेसवे पर जोरदार टक्कर

यह हादसा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 237 पर रघुरामपुर गांव के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली से आजमगढ़ जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस डबल डेकर बस तेज रफ्तार में चल रही थी। बताया जा रहा है कि अचानक चालक को झपकी आ गई, जिससे बस अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से टकरा गई। हादसे के बाद बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

यात्रियों में मची चीख-पुकार

टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। कई यात्री सीटों से उछलकर घायल हो गए, जबकि कुछ लोग बस में फंस गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा (UPIDA) की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घायलों को बस से बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया।

6 यात्रियों की हालत गंभीर

डॉक्टरों के अनुसार, हादसे में घायल 22 यात्रियों में से 6 की हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। अन्य घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है। पुलिस प्रशासन लगातार घायलों और उनके परिजनों से संपर्क कर रहा है।

पुलिस जांच में जुटी

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह चालक को झपकी आना बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा नियमों का पालन करने और लंबी दूरी के दौरान वाहन चालकों को पर्याप्त आराम देने की जरूरत है, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।

हादसे के बाद लगा जाम

हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। क्षतिग्रस्त बस और कंटेनर को हटाने के बाद यातायात को सामान्य कराया गया। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि लंबी दूरी की यात्रा के दौरान सतर्क रहें और वाहन चालक पर्याप्त आराम के बाद ही ड्राइविंग करें।

रिपोर्ट- रंजन बाजपेई “निडर”,उन्नाव

Related Articles

Back to top button