पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे विधायक, कहा- हर जरूरतमंद को मिलेगी मदद

मिर्जापुर जिले में पिछले दिनों आए भीषण आंधी-तूफान ने कई परिवारों की जिंदगी को प्रभावित कर दिया। तेज आंधी और बारिश के चलते जन-धन की व्यापक क्षति हुई,

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मिर्जापुर जिले में पिछले दिनों आए भीषण आंधी-तूफान ने कई परिवारों की जिंदगी को प्रभावित कर दिया। तेज आंधी और बारिश के चलते जन-धन की व्यापक क्षति हुई,

जिससे प्रभावित परिवार अभी तक पूरी तरह सामान्य स्थिति में नहीं लौट पाए हैं। ऐसे कठिन समय में रविवार को नगर विधायक रत्नाकर मिश्र ने अपने विधानसभा क्षेत्र के नटवा पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें राज्य आपदा मोचन निधि के अंतर्गत आर्थिक सहायता राशि वितरित की।

यह सहायता राशि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रभावित परिवारों के लिए स्वीकृत की गई है। विधायक ने राहत सामग्री एवं सहायता राशि वितरण के दौरान पीड़ित परिवारों का हालचाल जाना तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।

इस अवसर पर विधायक रत्नाकर मिश्र ने कहा कि प्रदेश सरकार हर आपदा प्रभावित नागरिक के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान की भरपाई तो संभव नहीं है, लेकिन सरकार प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिन परिवारों को किसी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होगी, उन्हें हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

विधायक ने कहा कि प्रशासन को निर्देशित किया गया है कि प्रभावित क्षेत्रों का लगातार सर्वे कर नुकसान का आंकलन किया जाए और पात्र लोगों तक सरकारी सहायता शीघ्र पहुंचाई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि किसी भी जरूरतमंद परिवार को सहायता से वंचित न रहना पड़े।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय ग्रामीणों एवं पीड़ित परिवारों ने विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया। लोगों ने कहा कि संकट की इस घड़ी में जनप्रतिनिधियों का उनके बीच पहुंचना और सहायता उपलब्ध कराना राहत देने वाला कदम है। इस मौके पर गांव के गणमान्य नागरिक, स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान राहत एवं सहायता वितरण का कार्य शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

रिपोर्ट – संतोष देव गिरि,मिर्जापुर

Related Articles

Back to top button