कानपुर: अवैध खनन के विरोध पर गांव में घुसे दबंग, घरों में तोड़फोड़ और फायरिंग से दहशत
कानपुर के सचेंडी क्षेत्र में अवैध खनन के विरोध पर दबंगों ने गांव में घुसकर घरों में मारपीट, तोड़फोड़ और फायरिंग की। ग्रामीणों का आरोप है कि 20 से ज्यादा लोग कई गाड़ियों से पहुंचे और दहशत फैलाकर वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र में अवैध खनन को लेकर तनाव उस वक्त हिंसा में बदल गया, जब कथित तौर पर दबंगों ने गांव में घुसकर कई लोगों पर हमला कर दिया। गांव वालों का आरोप है कि अवैध खनन का विरोध करने पर दबंगों ने न सिर्फ घरों में घुसकर मारपीट की, बल्कि जमकर तोड़फोड़ और फायरिंग भी की। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। यह मामला सचेंडी थाना क्षेत्र के भीमसेन चौकी अंतर्गत कैंधा अकबरपुरवा गांव का बताया जा रहा है, जहां देर शाम अचानक कई गाड़ियों से पहुंचे लोगों ने गांव में उत्पात मचा दिया।
कई गाड़ियों से पहुंचे 20 से 25 लोग
ग्रामीणों के मुताबिक करीब 20 से 25 लोग दो थार, दो स्कॉर्पियो और एक टियागो कार से गांव पहुंचे थे। आरोप है कि इन लोगों ने अवैध खनन के विरोध से नाराज होकर गांव के दो घरों को निशाना बनाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दबंगों ने घरों में घुसकर महिलाओं और पुरुषों के साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, घरों में रखे सामान को तोड़ा गया और बाहर खड़ी कई गाड़ियों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
फायरिंग से गांव में मची अफरा-तफरी
घटना के दौरान फायरिंग होने का भी आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि अचानक हुई गोलीबारी और हमले से पूरे गांव में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। उस समय गांव में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बच्चे और महिलाएं डर के कारण घरों में छिप गए। कई परिवारों ने खुद को सुरक्षित रखने के लिए दरवाजे बंद कर लिए।
पुलिस पर देरी से पहुंचने का आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना समय रहते पुलिस को दे दी गई थी, लेकिन पुलिस काफी देर बाद मौके पर पहुंची। इसको लेकर ग्रामीणों में नाराजगी भी देखने को मिली। हालांकि, पुलिस के पहुंचने के बाद हालात को नियंत्रित किया गया। मौके पर जांच-पड़ताल की गई और क्षतिग्रस्त घरों व वाहनों का निरीक्षण किया गया।
अवैध खनन को लेकर पहले भी उठते रहे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन को लेकर शिकायतें उठती रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि विरोध करने वालों को लगातार धमकियां दी जाती हैं। इस घटना के बाद गांव में भय और गुस्से दोनों का माहौल है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि तहरीर और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा
यह भी पढ़ें: जंगल में ग्रामीणों से मारपीट का आरोप, मिर्जापुर में वन विभाग कार्यालय का घेराव



