बांदा: दो ट्रकों की टक्कर ने उजाड़ दिया परिवार, 6 महीने के बच्चे के सिर से उठा पिता का साया

बांदा के चिल्ला थाना क्षेत्र में दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत में ट्रक चालक शैलेंद्र यादव की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। मृतक अपने पीछे पत्नी, दिव्यांग बेटे और छह माह के मासूम बच्चे को छोड़ गए हैं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में सोमवार सुबह हुआ एक दर्दनाक सड़क हादसा एक परिवार के लिए जिंदगीभर का जख्म बन गया। चिल्ला थाना क्षेत्र में दो ट्रकों की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में 32 वर्षीय ट्रक चालक शैलेंद्र यादव की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि दो छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। यह हादसा बांदा जिले के पैलानी क्षेत्र में तारा गांव के पास बजरंगी डेरा के निकट हुआ, जहां सुबह के समय सड़क पर अचानक जोरदार टक्कर की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

आमने-सामने भिड़े दो ट्रक, मौके पर हुई मौत

जानकारी के अनुसार, गिट्टी से लदा एक ट्रक बांदा से उन्नाव की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से चिल्ला की तरफ आ रहे खाली ट्रक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रकों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में गिट्टी लदे ट्रक के चालक शैलेंद्र यादव की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक उन्नाव जिले के अचलगंज थाना क्षेत्र स्थित केदारखेड़ा बउरी गांव के निवासी थे।

आठ साल से चला रहे थे ट्रक

परिजनों के मुताबिक, शैलेंद्र यादव पिछले करीब आठ वर्षों से ट्रक चालक के रूप में काम कर रहे थे। वह कानपुर की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे और रोजी-रोटी के लिए लगातार लंबी दूरी तक ट्रक चलाते थे। हादसे वाले दिन भी वह बांदा से गिट्टी लोड कर उन्नाव लौट रहे थे। शैलेंद्र अपने परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी संभालने वाले सबसे बड़े सदस्य थे। वह दो भाइयों में बड़े थे और मेहनत के दम पर परिवार चला रहे थे।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

शैलेंद्र यादव अपने पीछे पत्नी ज्योति, मां रोमन और दो छोटे बेटों को छोड़ गए हैं। उनका बड़ा बेटा आरन सात साल का है और दिव्यांग बताया जा रहा है, जबकि छोटा बेटा वैभव अभी महज छह महीने का है।

हादसे की खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची, घर में चीख-पुकार मच गई। पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव और आसपास के लोग भी इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही चिल्ला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अर्पित पांडे ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि दूसरे ट्रक का संबंध मध्य प्रदेश के शिवपुरी से जुड़े लोगों से है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

एक हादसा और उजड़ गया परिवार

यह सड़क हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि एक मेहनतकश परिवार के सपनों के टूटने की कहानी बन गया है। जिस व्यक्ति ने सालों तक सड़कों पर मेहनत कर अपने परिवार का सहारा बनने की कोशिश की, उसकी अचानक मौत ने पीछे रह गए परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है। स्थानीय लोग प्रशासन से पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद की मांग कर रहे हैं, ताकि बच्चों और परिवार का भविष्य किसी तरह संभल सके।

रिपोर्ट – इक़बाल खान

यह भी पढ़ें: Kanpur News: कल्याणपुर के होटल में युवती ने गैंगरेप का लगाया आरोप, होटल मैनेजर हिरासत में

Related Articles

Back to top button