कानपुर: बिना नक्शे के बना रहे थे बिल्डिंग, KDA ने मौके पर पहुंचकर कर दिया सील
कानपुर में KDA ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अवैध निर्माणों को सील कर दिया। बिना मानचित्र स्वीकृति के हो रहे निर्माण पर प्रवर्तन टीम ने लाल बंगला, दलेलपुरवा और चमंगंज इलाके में कार्रवाई की। KDA ने आगे भी अभियान जारी रखने की चेतावनी दी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कानपुर में अवैध निर्माणों के खिलाफ कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के अलग-अलग इलाकों में चार भवनों को सील कर दिया। बिना स्वीकृत मानचित्र के कराए जा रहे निर्माण कार्यों पर यह कार्रवाई की गई। प्राधिकरण की इस कार्रवाई के बाद अवैध निर्माण कराने वालों में हड़कंप मच गया है। KDA अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

किन इलाकों में हुई कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, लाल बंगला चंद्र नगर, दलेलपुरवा और चमंगंज नाला रोड इलाके में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए निर्माण कार्य किया जा रहा था। शिकायत और निरीक्षण के बाद प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और चार निर्माणों को सील कर दिया। यह पूरी कार्रवाई केडीए उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक और सचिव अभय कुमार पांडेय के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-1A की टीम द्वारा की गई।
मौके पर मौजूद रही अधिकारियों की टीम
सीलिंग अभियान के दौरान अवर अभियंता अर्पण सिंह और संतोष गोंड समेत कई अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। कार्रवाई में सुपरवाइजर प्रभाकर शर्मा, धनीराम, धर्मराज, दिनेश और प्रेम नारायण मिश्रा के साथ सुरक्षा कर्मियों की टीम भी शामिल रही। प्राधिकरण ने यह सुनिश्चित किया कि सीलिंग प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो और कार्रवाई नियमानुसार पूरी की जाए।
KDA ने लोगों से की अहम अपील
कानपुर विकास प्राधिकरण ने शहरवासियों से अपील की है कि किसी भी भवन निर्माण से पहले मानचित्र की स्वीकृति जरूर लें। अधिकारियों का कहना है कि बिना अनुमति के निर्माण कराने पर भविष्य में भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी। विशेषज्ञों का मानना है कि अनियोजित और अवैध निर्माण न केवल शहर की संरचना को प्रभावित करते हैं, बल्कि सुरक्षा मानकों के लिहाज से भी खतरा बन सकते हैं।

लगातार जारी रहेगा अभियान
KDA ने साफ किया है कि अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। प्राधिकरण अब ऐसे इलाकों की निगरानी बढ़ा रहा है जहां बिना अनुमति निर्माण कार्य होने की आशंका है। शहर में बढ़ते अवैध निर्माणों पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन सख्त रुख अपनाए हुए है। ऐसे में आने वाले दिनों में और भी कई स्थानों पर कार्रवाई देखने को मिल सकती है।
रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा
यह भी पढ़ें: पेट्रोल-डीजल और गैस की कीमतों पर बांदा में कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन



