PM को ‘गद्दार’ कहने पर भड़के साक्षी महाराज, बोले- जनता नहीं करेगी माफ

उन्नाव पहुंचे बीजेपी सांसद साक्षी महाराज ने राहुल गांधी के बयान पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री पूरे देश का होता है और ऐसे बयान से जनता का अपमान हुआ है। सांसद ने राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग भी की।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  उत्तर प्रदेश के उन्नाव में राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। बीजेपी सांसद साक्षी महाराज ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हालिया बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री किसी एक दल का नहीं बल्कि पूरे देश का प्रतिनिधित्व करता है, ऐसे में प्रधानमंत्री और गृहमंत्री को लेकर दिए गए बयान से देश की जनता का अपमान हुआ है।

उन्नाव स्थित साक्षी धाम में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए साक्षी महाराज ने राहुल गांधी पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि संविधान की भावना यही कहती है कि प्रधानमंत्री पूरे राष्ट्र का होता है, न कि किसी राजनीतिक पार्टी का। ऐसे में अगर प्रधानमंत्री या गृहमंत्री को “गद्दार” कहा जाता है तो यह करोड़ों देशवासियों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने जैसा है।

‘राहुल गांधी देश से माफी मांगें’

बीजेपी सांसद ने कहा कि राहुल गांधी को अपने बयान पर देश की जनता से हाथ जोड़कर माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार ऐसे बयान देकर राजनीतिक माहौल को खराब करने की कोशिश कर रही है। साक्षी महाराज ने कहा कि जनता सब देख रही है और आने वाले समय में इसका जवाब भी देगी। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री किसी पार्टी विशेष का नहीं होता। वह पूरे देश का प्रधानमंत्री होता है। ऐसे में इस तरह की भाषा लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है।”

चुनाव में भुगतना पड़ सकता है नुकसान

साक्षी महाराज ने कांग्रेस को चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि अगर राहुल गांधी अपने बयान पर माफी नहीं मांगते हैं तो आने वाले चुनाव में कांग्रेस पार्टी को इसका राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने दावा किया कि देश की जनता राष्ट्र और संवैधानिक पदों के सम्मान को सबसे ऊपर रखती है।

जनता दर्शन कार्यक्रम में पहुंचे थे सांसद

उन्नाव के साक्षी धाम में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे। इसी दौरान मीडिया ने राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया मांगी, जिस पर साक्षी महाराज ने कांग्रेस नेतृत्व पर जमकर हमला बोला। उनके बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा

यह भी पढ़ें: कानपुर में 1600 करोड़ के महाघोटाले का पर्दाफाश, फर्जी GST रैकेट का मास्टरमाइंड फिरोज गिरफ्तार

Related Articles

Back to top button