जम्मू में ड्रग तस्करों पर प्रशासन सख्त, बुलडोजर एक्शन से मचा हड़कंप

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा द्वारा शुरू किए गए "नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर" 100 दिवसीय अभियान के तहत ड्रग तस्करों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई हो रही है.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा द्वारा शुरू किए गए “नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर” 100 दिवसीय अभियान के तहत ड्रग तस्करों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई हो रही है. इसी कड़ी में जम्मू के मीरान साहिब इलाके में कुख्यात नशा तस्कर के घर पर प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की.

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा द्वारा 11 अप्रैल को नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर” (Drug-Free J&K) के लिए 100 दिवसीय गहन अभियान की शुरुआत की गई थी.इस अभियान का मकसद नशा तस्करों के नेटवर्क को नष्ट करना और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाकर जन-आंदोलन खड़ा करना है. इस अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ ताबड़तोड़ एक्शन लिए जा रहे हैं. इसी कड़ी में जम्मू के मीरान साहिब इलाके में नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई की गई.

जानकारी के मुताबिक जम्मू के मीरान साहिब इलाके में कुख्यात नशा तस्कर के घर पर प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की. इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. घर के बाहर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे. प्रशासन की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया. मौके पर लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई.

11 अप्रैल से अब तक 800 से अधिक FIR दर्ज
दरअसल जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के 100 दिन के नशा मुक्ति अभियान शुरू किए जाने के बाद नशा तस्करों के खिलाफ जम्मू कश्मीर पुलिस के ताबड़तोड़ एक्शन जारी हैं. 11 अप्रैल से अब तक 800 से अधिक FIR दर्ज की जा चुकी है. वहीं जम्मू-कश्मीर प्रशासन द्वारा नशा तस्करों के 33 अवैध ढांचों को ध्वस्त किया जा चुका है.

अलग-अलग जिलों से कई आरोपी गिरफ्तार
जम्मू संभाग में अलग-अलग जिलों में पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया वहीं हेरोइन जैसी नशीली सामग्री बरामद की और नशे के कारोबार से जुड़ी अवैध संपत्तियों को ध्वस्त किया. पुलिस का कहना है कि क्षेत्र से नशे के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा.

जनीपुर में 12 ग्राम हेरोइन बरामद
जनिपुर इलाके में पुलिस गश्ती दल ने लक्कड़ मंडी के जंगल क्षेत्र में मैटाडोर स्टॉप के पास दो युवकों को संदिग्ध हालत में घूमते देखा. पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन थोड़ी दूरी तक पीछा करने के बाद उन्हें पकड़ लिया गया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लक्कड़ मंडी निवासी अभिनंदन शर्मा और न्यू प्लॉट निवासी रजत कुमार के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 12 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ बरामद हुआ. इस मामले में जनिपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत FIR दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है.

किश्तवाड़ में दंपती के घर छापा
इधर किश्तवाड़ जिले में पुलिस ने कुख्यात ड्रग तस्कर रमीज राजा उर्फ तारीफ जंडा और उसकी पत्नी नोबिया बेगम को गिरफ्तार किया है. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में विशेष टीम ने सरकूट स्थित उनके घर पर छापा मारा. कार्रवाई के दौरान करीब 7.5 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ और 87 हजार रुपए नकद बरामद किए गए. दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी हैय

कटड़ा में अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी का खुलासा
वहीं रियासी जिले के कटड़ा में होटल चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने नागरोटा निवासी राकेश कुमार और अमृतसर की मनजीत कौर को गिरफ्तार किया. जांच में मनजीत कौर को अंतरराज्यीय ड्रग तस्कर बताया गया। दोनों के पास से करीब 2.5 ग्राम हेरोइन और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई. आगे की जांच में मारी, रियासी निवासी वरिंदर सिंह को भी गिरफ्तार किया गया, जो कथित तौर पर नशीला पदार्थ खरीदने आया था. उसके पास से 26,730 रुपए नकद बरामद हुए.

Related Articles

Back to top button