पंजाब का करो या मरो का मुकाबला लखनऊ से आज

  • प्लेऑफ की उम्मीद जिंदा रखने के लिए चाहिए सिर्फ जीत

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
लखनऊ। आईपीएल के 68वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स की भिड़ंत पंजाब किंग्स से होगी। पंजाब के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है, क्योंकि उसकी नजरें प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखने पर होंगी। वहीं, एलएसजी घरेलू मैदान पर जीत के साथ अपने अभियान का समापन करना चाहेगी। हालांकि, ऋ षभ पंत की कप्तानी वाली टीम अपने खराब प्रदर्शन की वजह से पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है, लेकिन पिछले मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स पर मिली जीत ने खिलाडिय़ों का आत्मविश्वास बढ़ाया है। पंजाब ने 13 मैचों में छह मुकाबले जीते हैं और अंक तालिका में पांचवें नंबर पर है। ऐसे में एलएसजी के खिलाफ जीत से उसके 15 अंक हो जाएगा।
हालांकि यह मैच जीतने के बाद भी पंजाब को राजस्थान रॉयल्स की जीत-हार पर निर्भर रहना होगा, जो इतने ही मैचों में 14 अंक के साथ चौथे स्थान पर है। यदि राजस्थान अपना आखिरी मुकाबला जीतती है तो 16 अंकों के साथ उसे प्लेऑफ का टिकट मिल जाएगा। लगातार छह हार ने पंजाब किंग्स की इस प्लेऑफ की राह मुश्किल बना दी है। सीजन की शुरुआत में शानदार लय में दिख रही टीम अब दबाव में नजर आ रही है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब ने शुरुआती मुकाबलों में आक्रामक क्रिकेट खेलते हुए खुद को खिताब के दावेदारों में शामिल कर लिया था, लेकिन टूर्नामेंट के दूसरे चरण में टीम का प्रदर्शन पूरी तरह बिखर गया। पंजाब किंग्स ने अपने पहले दस मुकाबलों में छह जीत दर्ज कर अंक तालिका में मजबूत स्थिति बना ली थी। लेकिन इसके बाद टीम लगातार हार के भंवर में फंस गई। टीम की सबसे बड़ी समस्या प्रदर्शन में निरंतरता की कमी रही। शुरुआती मैचों में जहां शीर्ष क्रम ने जिम्मेदारी निभाई, वहीं पिछले मुकाबलों में बल्लेबाज बड़े मौकों पर विफल रहे। गेंदबाजी विभाग में भी पंजाब को लगातार संघर्ष का सामना करना पड़ा। आखिरी ओवरों में रन रोकने में टीम असफल रही, जबकि स्पिन आक्रमण अपेक्षित असर नहीं छोड़ सका।

हार कर भी जीती आरसीबी, क्वालिफायर-1 में पहुंची

हैदराबाद। उप्पल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने आरसीबी को 55 रनों से हरा दिया। हालांकि, इस जीत के बावजूद टीम शीर्ष-दो में एंट्री करने में नाकाम रही और अब वह एलिमिनेटर मैच खेलेगी। वहीं, आरसीबी हार के बावजूद शीर्ष पर बरकरार रही और अब उसका सामना गुजरात टाइटंस से क्वालिफायर-1 से होगा। हैदराबाद के दिए 256 रन के लक्ष्य को हासिल करने उतरी आरसीबी 20 ओवर में 4 विकेट पर 200 रन बना सकी और 55 रन से मैच हार गई। इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने 4 विकेट पर 255 रन बनाए थे। एसआरएच-आरसीबी दोनों का यह आखिरी लीग मैच था। दोनों टीमें प्लेऑफ में जगह बना चुकी हैं। आरसीबी 14 मैचों से 18 अंक लेकर बेहतर रन रेट के आधार पर पहले, गुजरात टाइटंस 14 मैचों से 18 अंक लेकर दूसरे और एसआरएच 14 मैचों से 18 अंक लेकर तीसरे स्थान पर है।

Related Articles

Back to top button